दो साधुओं की हत्या,जंगल में गड्ढे में मिले साधुओं के शव,पुलिस की जांच जारी।

दो साधुओं की हत्या,जंगल में गड्ढे में मिले साधुओं के शव,पुलिस की जांच जारी।

हरिद्वार:-21 जुलाई 2026

लक्सर क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है जहां पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में रहने वाले दो साधुओं की कथित हत्या कर उनके शव जंगल में गड्ढा खोदकर दबा दिए गए। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों शव बरामद किए। मामले में मंदिर के मुख्य पुजारी पर संदेह जताया जा रहा है जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

पुलिस हत्या की वजह और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी है। लक्सर के पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर उस समय पुलिस छावनी में तब्दील हो गया जब मंदिर के एक सेवादार ने दो साधुओं के लापता होने और हत्या की आशंका की सूचना पुलिस को दी.सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रविंद्र चौधरी पुलिस बल और एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मंदिर के पास जंगल में खुदाई कराई गई जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों साधुओं की हत्या के बाद उनके शवों को गड्ढा खोदकर जंगल में दबाया गया था ताकि वारदात को छिपाया जा सके।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस को मंदिर के मुख्य पुजारी अखिल गिरी पर संदेह है जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। दो साधुओं की हत्या की इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोग भी घटना से स्तब्ध हैं।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह, आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े हर पहलू की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!