केदारनाथ यात्रा अग्रिम आदेशों तक स्थगित,कई जगहों पर लैंडस्लाइड से रास्ते बंद।

केदारनाथ यात्रा अग्रिम आदेशों तक स्थगित,कई जगहों पर लैंडस्लाइड से रास्ते बंद।

रुद्रप्रयाग:-20 जुलाई 2026

उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण मौसम विभाग अलर्ट मोड पर है, इसीलिए भक्तों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने अगले आदेश तक केदारनाथ यात्रा को स्थगित कर दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यात्रा दोबारा की जाएगी।

दरअसस, पिछले कई घंटों से हो रही लगातार बारिश के कारण जनपद रुद्रप्रयाग में जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। बदरीनाथ और केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के अनेक संवेदनशील हिस्सों में मलबा और बोल्डर गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है। कई स्थानों पर यातायात भी प्रभावित हुआ है, जिससे यात्रा संचालन चुनौतीपूर्ण हो गया है। इन परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए केदारनाथ यात्रा पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया है।

प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी निर्णय मौसम तथा मार्ग की वास्तविक स्थिति के आधार पर लिए जाएंगे। जिला प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन,एसडीआरएफ और अन्य संबंधित एजेंसियां लगातार मौसम और यात्रा मार्गों की निगरानी कर रही हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है,ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए एहतियातन केदारनाथ यात्रा को अग्रिम आदेशों तक स्थगित किया गया है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे मौसम सामान्य होने तक यात्रा पर न निकलें और केवल जिला प्रशासन व संबंधित विभागों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।उन्होंने कहा कि जैसे ही मौसम में सुधार होगा और यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होगा, केदारनाथ यात्रा पुनः सुचारु रूप से शुरू कर दी जाएगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य और सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों में सुरक्षा ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल प्रशासन की आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!