गैरसैंण क्षेत्र की गृहिणी बनी दो राज्य स्तरीय चयन परीक्षाओं की टापर,यूकेएसएसएससी में 99.25 तो यूकेपीएससी में 96 प्रतिशत अंको के साथ नंदिनी नेगी रही अब्बल।

गैरसैंण क्षेत्र की गृहिणी बनी दो राज्य स्तरीय चयन परीक्षाओं की टापर।

यूकेएसएसएससी में 99.25 तो यूकेपीएससी में 96 प्रतिशत अंको के साथ नंदिनी नेगी रही अब्बल।

मेहलचौरी (गैरसैंण):-03 जून 2026
रिपोर्ट- प्रेम संगेला.

इंसान अगर कुछ कर गुजरने की ठान ले तो हर परिस्थिति में वह अपना रास्ता बना ही लेता है,ऐसे ही एक वाक्ये में एक ग्रहणी महिला ने राज्य स्तरीय दो -दो चयन परीक्षाओं में टाप कर गृहस्थी में उलझे रहने का हवाला देने वाले दंपतियों के लिए एक प्रेरणादाई उदाहरण प्रस्तुत किया है।

चमोली जनपद के दूरस्थ विकासखंड गैरसैंण के सीमावर्ती कुनीगाड क्षेत्र की नंदनी नेगी पत्नी भवान सिंह नेगी ने 33 साल की उम्र में दो बच्चों की परवरिश के साथ ही बिना किसी कोचिंग संस्थान की मदद के राज्य स्तरीय बेहद महत्वपूर्ण यूकेपीएससी के साथ ही यूकेएसएसएससी परीक्षा में पहला स्थान प्राप्त कर समूचे क्षेत्र का गौरव बढ़ाने का काम किया है।

उनकी इस उपलब्धि पर विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल सहित विकासखंड के जनप्रतिनिधियों ने उनकी दोहरी उपलब्धि को दृढ़ निश्चय और बेहतरीन पारिवारिक सामंजस्य का परिणाम बताया है। कुनीगाड क्षेत्र के भंडारीखोड ग्राम पंचायत की सहजकोट गांव की रहने वाली नंदनी नेगी का मायका गैरसैंण नगर के खत्रियाणा गांव में है,वर्तमान में अपने पांचवी और छठी में पढ़ने वाले दो बच्चों के साथ गैरसैंण में रहकर खुद भी परीक्षाओं की तैयारी में लगी रही। वर्तमान में घोषित हुए यूकेपीएससी एवं यूकेएसएसएससी दोनों ही परीक्षा परिणामों में उन्होंने राज्य स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया है। हिंदी व अंग्रेजी कंप्यूटर टाइपिंग में उनकी दक्षता ने उनको यह उपलब्धि हासिल करने में विशेष मदद की।जहां यूकेपीएससी परीक्षा में 96 फीसद तो यूकेएसएसएससी में 99.25 प्रतिशत अंक हासिल कर दोनों परीक्षाओं में पहला स्थान प्राप्त किया।

नंदनी नेगी की शुरुआती पढ़ाई गैरसैंण नगर से ही हुई है ,जिसमें उनकी माता खिमुली देवी एवं दिवंगत पिता बलवंत सिंह खत्री का उत्सावर्धक सहयोग मिला। वहीं शादी के बाद हैदराबाद में प्राइवेट जॉब करने वाले पति भवान सिंह सहित ससुराल में सास सीता देवी व ससुर अमर सिंह नेगी का भी भरपूर सहयोग मिला।वर्तमान परीक्षा परिणाम में उन्हें जहां यूकेपीएससी में एडवोकेट जनरल ऑफिसर हाईकोर्ट नैनीताल में तो वहीं यूकेएसएएसससी परीक्षा की सफलता से सचिवालय समीक्षा अधिकारी के रूप में चयनित होने का मौका मिला है.जिसको लेकर नंदिनी नेगी कहती हैं कि उन्हें बचपन से ही न्याय के प्रति बेहद सम्मान रहा है, जिसके लिए वे न्यायिक सेवा को माध्यम बनाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!