पिथौरागढ़ में 4 छात्रों संग शराब पीते पकड़े गए गुरुजी,अभिभावकों में रोष।

पिथौरागढ़ में 4 छात्रों संग शराब पीते पकड़े गए गुरुजी,अभिभावकों में रोष।

पिथौरागढ़:-30 सितंबर 2026

पिथौरागढ़ जिले के झूलाघाट क्षेत्र में एक अतिथि शिक्षक द्वारा अपने ही विद्यालय के चार विद्यार्थियों को गेस्ट हाउस में बुलाकर उनके साथ शराब पीने का मामला सामने आया है। देर रात तक बच्चों के घर नहीं पहुंचने पर परिजन उनकी तलाश में निकले और गेस्ट हाउस पहुंचे। वहां शिक्षक और चारों विद्यार्थियों को एक साथ देखकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अतिथि शिक्षक को पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई। बताया जा रहा है कि शिक्षक को रातभर थाने में रखा गया। अगले दिन लिखित माफीनामा लेने के बाद उसे 20 हजार रुपये के निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक सोमवार को जामिरपानी के पास चट्टान गिरने के कारण पिथौरागढ़- झूलाघाट मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया था। रास्ता बंद होने के चलते झूलाघाट जीआईसी में तैनात अतिथि शिक्षक अपने घर नहीं जा सका। इसके बाद उसने विद्यालय से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक गेस्ट हाउस में ठहरने की व्यवस्था की। इसी दौरान उसने अपने विद्यालय में पढ़ने वाले चार विद्यार्थियों को भी रात में वहां बुला लिया। चारों विद्यार्थी जब काफी देर तक अपने घर नहीं पहुंचे तो उनके परिवार चिंतित हो गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने बच्चों की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वे उस गेस्ट हाउस तक पहुंचे, जहां शिक्षक ठहरा हुआ था। कमरे के अंदर शिक्षक के साथ चारों विद्यार्थियों को देखकर परिजन हैरान रह गए। वहां शराब का सेवन किए जाने की बात सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलने के बाद झूलाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को कोतवाली ले आई।

पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई। शिक्षक को रातभर कोतवाली में रखने के बाद अगले दिन उससे लिखित माफीनामा लिया गया और 20 हजार रुपये के निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई के साथ शिक्षा विभाग की ओर से भी संबंधित शिक्षक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। झूलाघाट जीआईसी में अतिथि शिक्षक द्वारा विद्यार्थियों के साथ शराब पीने की घटना की जानकारी शिक्षा विभाग तक पहुंच गई है। विभाग की ओर से कहा गया है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल में बच्चों के मार्गदर्शन और अनुशासन की जिम्मेदारी निभाने वाले शिक्षक से इस तरह के आचरण की उम्मीद नहीं की जाती। चार विद्यार्थियों के शिक्षक के साथ देर रात गेस्ट हाउस में मौजूद होने और शराब सेवन का मामला सामने आने के बाद अभिभावक इस पूरे घटनाक्रम को लेकर चिंतित हैं। अब निगाहें शिक्षा विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!