पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो शातिर चोर पकड़े,पुलिस ने आरोपियों से चोरी की गई रकम और मोबाइल किया बरामद।
ऋषिकेश-17 जनवरी 2026
ऋषिकेश के चंद्रेश्वर नगर में दयानंद मार्ग पर मनी ट्रांसफर की दो दुकानों में 14 जनवरी की रात को शटर का ताला तोड़कर 2 लाख 26 हजार रुपए नकद और मोबाइल चोरी हो गया। यह घटना सीसीटीवी में कैद हुई जिसमें दो चोर वारदात करते हुए दिखाई दिए। सुबह होने पर चोर नकदी लेकर शहर छोड़ने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की चेकिंग की वजह से दोनो चोर पकड़े गए।
पुलिस ने आरोपियों से चोरी की गई रकम और मोबाइल तो बरामद किया ही, साथ में चोरी में इस्तेमाल चोरों की स्कूटी को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया। घटना शहर के प्रथम नागरिक महापौर शंभू पासवान के घर के निकट की थी, इसलिए माना जा रहा है कि पुलिस ने तत्काल एक्शन दिखाया और चोरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा। हालांकि जो चोर पकड़े गए हैं वह भी इसी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं और दोनों चोरों को नशे का आदी होना बताया गया है। नशे की लत को पूरा करने के लिए ही चोरी की वारदात को अंजाम दिए जाने की बात कही गई है।
कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि पकड़े गए आरोपी इलेक्ट्रिशियन का भी काम करते हैं और इलेक्ट्रिशियन का काम करते हुए रेकी कर आपराधिक वारदात को अंजाम देते हैं। एक आरोपी की पहचान मुकेश निवासी चंद्रेश्वर नगर और दूसरे की पहचान अमर निवासी 14 बीघा के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों के अपराधिक इतिहास की जानकारी कर रही है। फिलहाल त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी विनेश कुमार ने चोरों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है।
