चंपावत के गोरलचौड़ मैदान में खेलकूद अभ्यास के दौरान पॉलिटेक्निक के छात्र की भाला लगने से हुई मौत।
चंपावत-18 अप्रैल 2026
उत्तराखंड के चंपावत जिला मुख्यालय से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है।आज शनिवार को गोरलचौड़ मैदान में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता के अभ्यास के दौरान एक छात्र की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज चंपावत में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा था। प्रतियोगिता के पहले दिन सुबह लगभग 8 बजे छात्र मैदान में अभ्यास कर रहे थे। कुछ छात्र फुटबॉल का अभ्यास कर रहे थे, जबकि अन्य छात्र जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) की तैयारी में लगे थे। इसी दौरान जैवलिन थ्रो कर रहे एक छात्र का भाला अचानक फुटबॉल खेल रहे 20 साल के सोमेंद्र सिंह बोहरा को जा लगा। भाला उनके कंधे के पास गर्दन के समीप गंभीर रूप से धंस गया। घटना के तुरंत बाद घायल छात्र को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्र को मृत घोषित कर दिया।
मृतक छात्र के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक छात्र सोमेंद्र सिंह बोहरा उम्र 20 वर्ष मछियाड गांव, रीठा साहिब, चंपावत का निवासी था, जो कि पॉलिटेक्निक कॉलेज में द्वितीय वर्ष का छात्र था। वर्तमान में मृतक छात्र चंपावत अपनी बुआ के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा था। मृतक छात्र के पिता भूपाल सिंह बोहरा गुजरात में कार्यरत हैं। सूचना पर पुलिस ने छात्र का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पीएमएस डॉ. एचएस ह्यांकी के अनुसार, चोट गंभीर थी जिससे संभवतः ऑक्सीजन सप्लाई रुक गई और अधिक रक्तस्राव हुआ,जिससे छात्र की मौत हो गई।
