रुद्रप्रयाग पुलिस ने चारधाम हेली बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाली 265 वेबसाइट्स और सोशल मीडिया अकाउंट्स पर की कार्रवाई।
रुद्रप्रयाग-07 अप्रैल 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए रुद्रप्रयाग जिला पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। हेली टिकट बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी करने वाले गिरोहों पर सख्ती बरतते हुए पिछले दो महीने में अब तक कुल 265 वेबसाइट्स, बैंक खाते,फेसबुक पेज, इंस्टाग्राम अकाउंट और मोबाइल नंबरों पर कार्रवाई की गई है।
जिले में हर साल होने वाली केदारनाथ यात्रा से पहले ही साइबर ठग सक्रिय हो गए थे। ये ठग हेलीकॉप्टर सेवाओं के नाम पर फर्जी वेबसाइट, फेसबुक पेज और इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर श्रद्धालुओं को लुभावने ऑफर देकर ठगी कर रहे थे. कई श्रद्धालु इनके झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई गंवा चुके हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग निहारिका तोमर द्वारा ‘साइबर फ्रॉड कॉम्बैट फोर्स’ का गठन किया गया, जिसने तेजी से कार्रवाई करते हुए डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय ठगों के नेटवर्क को तोड़ने का काम किया है।
पुलिस द्वारा चिन्हित किए गए 111 फेसबुक पेजों में से 106 पेज हटवाए जा चुके हैं,जबकि 16 इंस्टाग्राम अकाउंट्स को संदिग्ध गतिविधियों के चलते रिपोर्ट किया गया है। इन सभी की विस्तृत जांच जारी है। साइबर ठगी में प्रयुक्त 110 मोबाइल नंबरों में से 55 नंबर ब्लॉक कर दिए गए हैं। जबकि शेष नंबरों को ब्लॉक करने की प्रक्रिया जारी है. इन नंबरों की जानकारी संबंधित टेलीकॉम कंपनियों और व्हाट्सएप को उपलब्ध कराई गई है। ठगी में प्रयुक्त 6 बैंक खातों की जांच में से 1 खाते को डेबिट फ्रीज कर दिया गया है, जबकि अन्य खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया जारी है।
हेलीकॉप्टर टिकट दिलाने का दावा करने वाली 22 संदिग्ध वेबसाइट्स की पहचान कर उन्हें डोमेन रजिस्ट्रार को रिपोर्ट किया गया है, ताकि इन्हें जल्द बंद कराया जा सके। पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि केदारनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट की एकमात्र अधिकृत वेबसाइट आईआरसीटीसी (IRCTC) की हेलीयात्रा पोर्टल है। इसके अलावा किसी भी अन्य लिंक, वेबसाइट या सोशल मीडिया विज्ञापन के माध्यम से बुकिंग करने से बचें।उन्होंने कहा कि, रुद्रप्रयाग पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है और लगातार डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और केवल अधिकृत माध्यमों से ही बुकिंग करें, ताकि सुरक्षित और सुखद यात्रा का अनुभव प्राप्त हो सके।
