शराब पीने के दौरान कहासुनी,विवाद में सीने में चाकू मारकर युवक की हत्या,आरोपी की बेटी का था जन्मदिन।
विकासनगर (देहरादून):-22 सितंबर 2026
राजधानी देहरादून के विकासनगर सेलाकुई थाना क्षेत्र के जमनपुर में सोमवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई,बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति की बेटी के जन्मदिन के मौके पर चल रही पार्टी के दौरान शराब पीने को लेकर दो लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया और इसी दौरान एक युवक के सीने पर चाकू से वार कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस के मुताबिक, जमनपुर में रहने वाले राजपाल (25) और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के रहने वाले जितेंद्र कुमार के बीच सोमवार रात किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। उस समय जितेंद्र की बेटी का जन्मदिन मनाया जा रहा था। दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर हाथापाई की स्थिति बन गई। बताया गया है कि घटना के वक्त दोनों ने शराब पी रखी थी। विवाद के दौरान जितेंद्र ने कथित तौर पर चाकू निकालकर राजपाल के सीने पर वार कर दिया। चाकू लगने से राजपाल गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजपाल को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से झाझरा स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
पुराने विवाद की भी सामने आई बात
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि राजपाल और जितेंद्र के बीच करीब 10 से 15 दिन पहले भी शराब और खाने-पीने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों के बीच तनाव बना हुआ था। पुलिस अब पुराने विवाद को भी हत्या की वजह से जोड़कर जांच कर रही है।
आरोपी की तलाश में दबिश
वारदात के बाद जितेंद्र मौके से फरार हो गया। थाना पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। थाना प्रभारी शैंकी कुमार के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना की पूरी वजह और विवाद के क्रम को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
