8 जून से SIR..घर-घर पहुचेंगे बीएलओ,सही जानकारी देना न भूलें।

8 जून से SIR..घर-घर पहुचेंगे बीएलओ,सही जानकारी देना न भूलें।

हल्द्वानी (नैनीताल):-03 जून 2026

नैनीताल जिले में मतदाता सूची को और अधिक सटीक एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान शुरू होने जा रहा है। जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। आगामी 8 जून से बीएलओ घर-घर पहुंचकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे, जिसके लिए आमजन से सहयोग की अपील की गई है।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम को समयबद्ध और सफल बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने हल्द्वानी स्थित एनआईसी सभागार में सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि 8 जून 2026 से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना एवं सत्यापन कार्य करेंगे। इसके लिए सभी तहसील स्तर पर गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है।

प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 7 जुलाई को मतदान केंद्रों का युक्तिकरण किया जाएगा, जबकि 14 जुलाई को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन होगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। इनका निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा और अंततः 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बीएलओ के घर पहुंचने पर सही जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

इस दौरान बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पाण्डे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!