टिहरी में बेटे पर लगा मां की हत्या का आरोप,पुलिस जांच में जुटी।

टिहरी में बेटे पर लगा मां की हत्या का आरोप,पुलिस जांच में जुटी।

टिहरी गढ़वाल:-29 जुलाई 2026

टिहरी जिले के विकासखंड जाखणीधार अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटी खास में बुधवार सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने महिला के मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे पुत्र पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद से आरोपित फरार है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कोटी खास निवासी 53 वर्षीय डुग्गा देवी (गुड्डी) पत्नी स्व. गुलाब सिंह अपने घर में अकेली रहती थीं। बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ.आसपास के लोगों ने कमरे के भीतर देखा तो डुग्गा देवी मृत अवस्था में पड़ी मिलीं,इसके बाद तत्काल कोतवाली नई टिहरी पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी भेज दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि डुग्गा देवी की हत्या उनके 32 वर्षीय पुत्र अजय सिंह सजवाण ने की है,जो पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहा था। घटना के बाद से वह फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

बताया जा रहा हैकि,अजय सिंह सजवाण पूर्व में विदेश में होटल लाइन में नौकरी कर रहा था। करीब एक वर्ष पहले वह विदेश से वापस लौटा था। इसके बाद वह इंदौर में होटल लाइन में नौकरी कर रहा था, लेकिन लगभग एक माह पूर्व नौकरी छोड़कर गांव लौट आया था।

सीओ टिहरी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपित की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। अब तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!