विजिलेंस ने 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक को किया गिरफ्तार

विजिलेंस ने 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक को किया गिरफ्तार

सितारगंज (उधमसिंह नगर):-29 जुलाई 2026

उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सितारगंज तहसील के दो कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। विजिलेंस की ट्रैप टीम ने संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा और वरिष्ठ सहायक भूपेंद्र सिंह राणा को शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम लेते हुए दबोच लिया।

भूमि संबंधी कार्य के नाम पर मांगी थी रिश्वत

सतर्कता अधिष्ठान को शिकायत मिली थी कि,सितारगंज तहसील में तैनात संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा और वरिष्ठ सहायक भूपेंद्र सिंह राणा शिकायतकर्ता से उसकी भूमि के कुर्की आदेश को समाप्त कराने, जमीन को बंधन मुक्त कराने तथा उसकी पत्नी के केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) ऋण पर चल रही आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) की कार्रवाई समाप्त कराने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे हैं।

शिकायत के अनुसार, संग्रह अमीन ने 10,000 रुपये और वरिष्ठ सहायक ने 6,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत का प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक,सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया। योजनाबद्ध तरीके से आज 29 जुलाई को विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा को शिकायतकर्ता से 8,000 रुपये और वरिष्ठ सहायक भूपेंद्र सिंह राणा को 6,000 रुपये लेते हुए तहसील सितारगंज स्थित कार्यालय से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद विजिलेंस टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गई।

आगे की कार्रवाई जारी

विजिलेंस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। भौगोलिकसंदर्भ

भ्रष्टाचार की शिकायत करने की अपील

सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक वी. मुरुगेशन ने आम जनता से भ्रष्टाचार के मामलों की सूचना देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 अथवा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर की जा सकती है। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!