सोनप्रयाग-त्रियुगीनारायण मार्ग पर हादसा टला,पत्थर में अटककर खाई में गिरने से बचा वाहन।

सोनप्रयाग-त्रियुगीनारायण मार्ग पर हादसा टला,पत्थर में अटककर खाई में गिरने से बचा वाहन।

रुद्रप्रयाग:-26 सितंबर 2026

रुद्रप्रयाग जिले में सोनप्रयाग-त्रियुगीनारायण मोटर मार्ग पर शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा होने से टल गया । त्रियुगीनारायण धाम से दर्शन कर वापस लौट रहा यात्रियों का वाहन लाल पौड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर निकल गया। हालांकि वाहन सड़क किनारे मौजूद एक बड़े पत्थर में अटक गया, जिससे वह गहरी खाई में जाने से बच गया।

जानकारी के अनुसार घटना शनिवार दोपहर करीब 12 बजे सोनप्रयाग-त्रियुगीनारायण मार्ग पर किमी सात के आसपास हुई। वाहन में चालक के अलावा कोलकाता, पश्चिम बंगाल से आए सात यात्री सवार थे। दर्शन के बाद सभी यात्री वापस लौट रहे थे, तभी लाल पौड़ के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया।

वाहन के सड़क से बाहर जाने के बाद चालक ने उसे संभालने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन सड़क किनारे एक पत्थर पर अटक गया। इससे वाहन खाई में गिरने से रुक गया और उसमें सवार सभी लोगों की जान बच गई। हादसे के दौरान किसी यात्री को चोट नहीं आई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने वाहन में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। सभी सात यात्री सुरक्षित बताए गए हैं। हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क किनारे से सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है। पहाड़ी सड़क पर वाहन के अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर जाने के बावजूद किसी के घायल नहीं होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। यदि वाहन पत्थर पर नहीं अटकता तो वह खाई में जा सकता था और स्थिति गंभीर हो सकती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!