टिहरी दलित किशोर हत्याकांड मामला,नाबालिग लड़की की माता की तहरीर पर मृतक के दोस्त पर मुकदमा दर्ज।
टिहरी:-13 जुलाई 2026
उत्तराखंड के टिहरी जिले में बीते दिनों दलित नाबालिग किशोर की हत्या के मामले में नया मोड आ गया है। नाबालिग युवती की मां की तहरीर पर अब पुलिस ने मृतक के दोस्त,जो घटना का चश्मदीद भी है, उस पर पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
दरअसल, बीती सात-आठ जून रात को करीब 11 बजे टिहरी जनपद के एक गांव का रहने वाला नाबालिग किशोर अपने दोस्त के साथ पास के ही गांव में अपनी दोस्त नाबालिग लड़की (प्रेम प्रसंग मामला) से मिलने उसके घर गया था। वहीं पर लड़की के परिजनों ने दोनों लड़कों को पकड़ लिया। आरोप है कि लड़की के परिजनों ने दोनों लड़कों के साथ मारपीट की थी, जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गए थे। इसके बाद दोनों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां नाबालिग लड़की के दोस्त (प्रेमी) की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने मृतक लड़के के परिजनों की तहरीर पर लड़की के पिता और दादा समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया। इस मामले में मृतक नाबालिग लड़के का दोस्त चश्मदीद है, जिस पर अब पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं, इस मामले में नाबालिग लड़की की मां ने भी थाने में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था। हालांकि बाद में हाईकोर्ट की तरफ से पुलिस को नाबालिग लड़की का पक्ष सुनने का आदेश भी दिया गया था। इसके बाद 11 जुलाई को लंबगांव थाना पुलिस ने मृतक के दोस्त जो इस पूरी घटना का चश्मदीद भी है, उस पर भी पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया।
जांच अधिकारी व सीओ चंद्रमोहन ने बताया कि महिला एसआई हेमलता को इसके लिए अधिकृत किया है। सीओ चंद्रमोहन के अनुसार नाबालिग की मेडिकल रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, पुलिस अब इस पहलू से जांच में जुट गई है। दूसरी ओर नाबालिग लड़की के गांव के पूर्व प्रधान के नेतृत्व में भी लोगों ने टिहरी एसएसपी श्वेता चौबे से मुलाकात की। उन्होंने नाबालिग लड़की की मेडिकल रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर दोषियों को कठोर सजा देने की मांग की। साथ ही उन्होंने जांच अधिकारी बदलने की भी मांग की है।
