चमोली जनपद के तुंगेश्वर डाकघर में तैनात लापरवाह पोस्टमैन निलंबित,डाक वितरण में भारी लापरवाही बरतने पर किया गया निलंबित।

चमोली जनपद के तुंगेश्वर डाकघर में तैनात लापरवाह पोस्टमैन निलंबित,डाक वितरण में भारी लापरवाही बरतने पर किया गया निलंबित।

थराली (चमोली):-01 जुलाई 2026
रिपोर्ट-गिरीश चंदोला।

थराली विकासखंड के तुंगेश्वर डाकघर में तैनात पोस्टमैन पर गाज गिर गई है।डाक वितरण में भारी लापरवाही और अनियमितताओं के मामले में डाक विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिसके तहत संबंधित पोस्टमैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

बता दें कि हाल में ही तुंगेश्वर पोस्ट ऑफिस में तैनात पोस्टमैन हिमांशु कुमार पर सरकारी डाक को समय पर वितरित न करने और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को अपने कमरे में बोरियों में बंद कर रखने के गंभीर आरोप लगे थे। बताया जा रहा है कि तीन से चार बोरियों में काफी संख्या में डाक सामग्री पड़ी हुई थी। जिन्हें साल 2025 से पोस्टमैन ने बांटा ही नहीं था, जिसमें एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, स्पीड पोस्ट, चेक बुक समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल थे। इसका खुलासा तब हुआ था, जब स्थानीय निवासी विनोद पांडे को उनकी बेटी का आधार कार्ड तुंगेश्वर-माल बजवाड़ मार्ग पर सड़क किनारे लावारिस हालत में पड़ा मिला। जिसके बाद उन्होंने संबंधित पोस्टमैन से जानकारी ली, तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद जब स्थानीय लोगों ने पोस्टमैन के कमरे को खंगाला, तो तीन से चार बोरियों में काफी मात्रा में डाक रखी हुई मिली।

ग्रामीणों का आरोप था कि साल 2025 से लेकर अभी तक पोस्टमैन ने डाक बांटी ही नहीं. ऐसे में लोगों को समय पर डाक न मिलने पर उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई महत्वपूर्ण सरकारी एवं बैंकिंग दस्तावेज समय पर लोगों को नहीं मिल पाए। वहीं, मामला सामने आने के बाद डाक विभाग हरकत में आया और पोस्टमैन हिमांशु कुमार को निलंबित कर दिया। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है। इसकी पुष्टि चमोली डाकघर के अधीक्षक अजय कुमार ने की है।

बता दें कि,यह कोई पहला मामला नहीं है,इससे पहले भी पिथौरागढ़ के धारचूला तहसील के जाराजिबली पोस्ट ऑफिस से ही ऐसा ही मामला सामने आया था। जहां डाकघर में तैनात महिला पोस्टमैन पर दो माह से आई डाक न बांटने का आरोप लगा था। इतना ही नहीं उसका ग्रामीणों से विवाद का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वो ‘लड़की हूं फंसा दूंगी’ कहती नजर आईं थी। मामला सामने आने के बाद हरियाणा निवासी पोस्टमैन पारुल को निलंबित कर दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!