बंद मकान में चोरी का खुलासा,तीन आरोपी गिरफ्तार।

बंद मकान में चोरी का खुलासा,तीन आरोपी गिरफ्तार।

विकासनगर (देहरादून)-21 अप्रैल 2026

कोतवाली पुलिस ने बंद मकान में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1.70 लाख की नकदी, ज्वेलरी और अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 को अजीतनगर स्थित नायरा पेट्रोल पंप के सामने एक बंद घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद 20 अप्रैल को पुलिस ने बाईपास रोड स्थित त्यागी फार्म हाउस के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस्तियाक (47) निवासी सहारनपुर, अनीश (28) निवासी पटेलनगर देहरादून और नफीस (45) निवासी सहसपुर देहरादून के रूप में हुई है।
आरोपियों के पास से ₹1,70,000 नकद, एक सोने का हार, दो जोड़ी कान के टॉप्स, नोटबुक, अकाउंट बुक, बैग और चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए हैं। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले दिन में घर की रेकी की और रात में ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस चेकिंग के चलते उन्होंने चोरी का सामान पास में ही छिपा दिया था, जिसे बाद में ले जाते समय वे पकड़े गए। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पहले भी चोरी समेत अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!