20 जून से 25 जून तक उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में होगी बारिश, मैदानी इलाकों में मौसम रहेगा शुष्क।
देहरादून:-20 जून 2026
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए 25 जून तक का वेदर फॉरकास्ट रिलीज कर दिया है। इस पूर्वानुमान के अनुसार अगले 6 दिन तक राज्य में बारिश होगी, लेकिन ये बारिश सिर्फ पहाड़ी जिलों में ही होगी। दो मैदानी जिले हरिद्वार और उधम सिंह नगर इस दौरान शुष्क रहेंगे।
उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने आज शनिवार 20 जून के लिए मौसम का जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसके अनुसार राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, इन जिलों में 4200 मीटर और उससे ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी भी होगी। राज्य के शेष पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश बादलों की गर्जना के साथ होगी. हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिलों में बारिश नहीं होगी और मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग ने आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
रविवार 21 जून को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा बादलों की गर्जना के साथ होगी। शेष पर्वतीय राज्यों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है. रविवार को भी दोनों मैदानी जिले हरिद्वार और उधम सिंह नगर बारिश के लिहाज से सूखे ही रहेंगे। कल येलो अलर्ट रहेगा।
सोमवार 22 जून, मंगलवार 23 जून, बुधवार 24 जून और गुरुवार 25 जून को भी बारिश का पैटर्न रविवार जैसा ही रहने वाला है। यानी पर्वतीय जिलों में तो बारिश होगी, लेकिन मैदानी इलाके सूखे रहेंगे।
इन दिनों चारधाम यात्रा चल रही है। जून के महीने में भी चारधाम में अच्छी-खासी ठंड पड़ रही हैं। गंगोत्री का अधिकतम तापमान 4° सेल्सियस और न्यूनतम तापमान -1° सेल्सियस है। यमुनोत्री का अधिकतम तापमान 8° सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3° सेल्सियस है। केदारनाथ का अधिकतम तापमान 9° सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 0° सेल्सियस है. बदरीनाथ का अधिकतम तापमान 10° सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3° सेल्सियस है।
