उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा: बेकाबू टैंकर ने छात्रों को कुचला, एक बच्चे की मौत..दो की हालत गंभीर।

उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा: बेकाबू टैंकर ने छात्रों को कुचला, एक बच्चे की मौत..दो की हालत गंभीर।

काशीपुर (ऊधमसिंह नगर):-06 अगस्त 2026

उत्तराखंड के काशीपुर से गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। स्कूल जा रहे तीन छात्रों को तेज रफ्तार और बेकाबू टैंकर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि 15 वर्षीय शिवम कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।

स्कूल जाते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा

दाभोरा टांडा निवासी मनोज सिंह का बेटा शिवम कुमार, जो राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बरखेड़ी में कक्षा 10 का छात्र था, गुरुवार सुबह अपने रिश्ते के भाइयों वासु और अक्षय के साथ पैदल स्कूल जा रहा था। सुबह करीब 10 बजे बरखेड़ी मार्ग पर पीछे से आए तेज रफ्तार टैंकर ने तीनों बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया।

मौके पर ही चली गई शिवम की जान

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिवम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर उसके जूते और दुर्घटना के निशान दूर तक बिखरे दिखाई दिए। यह मंजर देखकर मौके पर मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए।

चालक वाहन छोड़कर फरार

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े, लेकिन भीड़ को आता देख टैंकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने बिना देर किए घायल वासु और अक्षय को काशीपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर लगाया जाम

हादसे से नाराज लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने और स्कूल समय में सख्त ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की मांग की। सूचना पर आईटीआई कोतवाली पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शिवम के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फरार चालक की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि शिवम अपने पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर का था और उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!