उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने 27 जुलाई तक का मौसम पूर्वानुमान किया जारी,पूरे राज्य में होगी बारिश।

उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने 27 जुलाई तक का मौसम पूर्वानुमान किया जारी,पूरे राज्य में होगी बारिश।

देहरादून:-21 जुलाई 2026
रिपोर्ट-डॉ जयदेव पंवार.

उत्तराखंड में लगातार तीसरे दिन भी बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने देहरादून और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

देहरादून और बागेश्वर में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा अति तीव्र से अत्यंत तीव्र बारिश के दौर पड़ सकते हैं। राज्य के शेष जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज बारिश, बिजली चमकने और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। लगातार हो रही बारिश,भूस्खलन और पहाड़ों से गिरते मलबे के कारण उत्तराखंड में कई प्रमुख सड़कें बाधित हो गई हैं। हालात को देखते हुए बागेश्वर और उत्तरकाशी जिलों में 21 जुलाई को सभी सरकारी,अर्द्धसरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।

देहरादून के आईटी पार्क क्षेत्र में सोमवार को कई सड़कें जलमग्न हो गईं, जबकि देहरादून-मसूरी रोड पर 20वें किलोमीटर के पास सड़क धंसने से स्टेट हाईवे बंद करना पड़ा। राज्यभर में भूस्खलन के कारण 150 से अधिक सड़कें बंद होने के बाद प्रशासन ने चारधाम यात्रा को फिलहाल स्थगित कर दिया है। केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री मार्गों पर फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। गढ़वाल कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि मार्ग सुरक्षित घोषित होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू कराई जाए।

पिथौरागढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बागेश्वर में सरयू नदी में बहा 8 वर्षीय बच्चा अभी भी लापता है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में लगातार जुटी हुई हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 27 जुलाई तक का मौसम का अलर्ट जारी कर दिया है।पूर्वानुमान के अनुसार आज 21 जुलाई को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट है तो पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश होगी। लोगों से सावधान रहने को कहा गया है।

मौसम विभाग के अनुसार आज मंगलवार 21 जुलाई को उत्तराखंड के देहरादून, उत्तरकाशी और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है. इन जिलों में कहीं-कहीं तेज से बहुत तेज बारिश का भी पूर्वानुमान है. मौसम की इस तीव्रता को देखते हुए यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी। बाकी जिलों में वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना है। इस दौरान बादल गरजेंगे तो वज्रपात भी होगा। मौसम विभाग के अनुसार संवेदनशील इलाकों में हल्के से मध्यम लैंडस्लाइड हो सकते हैं। चट्टानें गिर सकती हैं। पहाड़ी इलाकों में कहीं-कहीं सड़क और राजमार्ग बाधित हो सकते हैं. नदी और नाले ज्यादा बहाव के कारण खतरनाक होंगे।

बुधवार 22 जुलाई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में विशेष अलर्ट है. मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी. इसके साथ ही राज्य के बाकी जिलों में कहीं-कहीं गर्जना के साथ वज्रपात होगा और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर चलेंगे।

गुरुवार 23 जुलाई को देहरादून, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. बाकी जिलों में कहीं-कहीं वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर चलेंगे।

शुक्रवार 24 जुलाई को देहरादून और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी. राज्य के बाकी जिलों में बारिश के तेज से बहुत तेज दौर चलेंगे।

शनिवार 25 जुलाई को देहरादून,बागेश्वर,टिहरी गढ़वाल और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। बाकी जिलों में कहीं-कहीं बादल जोर से गरजेंगे,वज्रपात होगा और बारिश की तेज से बहुत तेज बौछारें पड़ेंगी।

रविवार 26 जुलाई और सोमवार 27 जुलाई को पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होगी।ये बारिश अधिकांश स्थानों पर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!