उत्तराखंड में 8 हजार की क्रिकेट किट 32 हजार में खरीदने का आरोप,बागेश्वर के कपकोट विधायक सुरेश गड़िया पर स्वराज पार्टी के बॉबी पंवार ने लगाया 50 लाख के भ्रष्टाचार का आरोप।

उत्तराखंड में 8 हजार की क्रिकेट किट 32 हजार में खरीदने का आरोप,बागेश्वर के कपकोट विधायक सुरेश गड़िया पर स्वराज पार्टी के बॉबी पंवार ने लगाया 50 लाख के भ्रष्टाचार का आरोप।

विधायक ने बिल दिखाकर दी सफाई,बॉबी पंवार ने फिर दिया चेलेंज।

देहरादून:-14 नवंबर 2026

बागेश्वर जिले के कपकोट में क्रिकेट किट खरीद को लेकर विधायक सुरेश गड़िया और बॉबी पंवार के बीच विवाद बढ़ गया है। विधायक ने बिल दिखाकर खरीद को सही बताया, तो बॉबी पंवार ने किट की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए आमने-सामने जांच की चुनौती दी है. अब ये मामला 8 हजार की क्रिकेट किट वर्सेज 32 हजार की क्रिकेट किट बना गया है।

कपकोट विधायक की क्रिकेट किट पर सवाल

उत्तराखंड की कपकोट विधानसभा सीट में क्रिकेट किट की खरीद को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य स्वराज पार्टी के नेता बॉबी पंवार ने विधायक सुरेश गड़िया पर विधायक निधि से महंगी दरों पर क्रिकेट किट खरीदने और सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप लगाए थे। बॉबी पंवार का दावा था कि बाजार में करीब 8 हजार रुपये में मिलने वाली क्रिकेट किट को लगभग 32 हजार रुपये प्रति किट के हिसाब से खरीदा गया। उन्होंने कुल 208 किटों की खरीद पर सवाल उठाते हुए करीब 50 लाख रुपये की कथित अनियमितता का आरोप लगाया था।

विधायक गड़िया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके दिया जवाब

इन आरोपों पर विधायक सुरेश गड़िया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखा और किट में शामिल सामान के साथ उसके बिलों का ब्योरा सार्वजनिक किया। विधायक ने खरीद को सही बताते हुए आरोपों को राजनीतिक साजिश करार दिया. अब विधायक के जवाब पर बॉबी पंवार ने फिर पलटवार किया है। उन्होंने विधायक को खुली चुनौती देते हुए दोनों किटों की गुणवत्ता और कीमत का आमने-सामने मिलान करने की बात कही है। विधायक सुरेश गड़िया ने अपने बयान में कहा कि,कुछ लोग और सोशल मीडिया पोर्टल्स क्रिकेट किट की खरीद को लेकर गलत जानकारी फैला रहे हैं. इससे जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। क्रिकेट का सीजन शुरू होने वाला है और क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों की मांग पर अच्छी गुणवत्ता वाली किटें उपलब्ध कराई जा रही हैं। ये किट उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ लिमिटेड, देहरादून के माध्यम से खरीदी गई हैं।

विधायक के मुताबिक, एक किट में दो एसएस कंपनी के बल्ले, दो बैटिंग हेलमेट, तीन लेदर क्रिकेट बॉल, छह स्टंप और बेल्स के अलावा विकेटकीपिंग ग्लव्स, लेग गार्ड और किट बैग शामिल हैं. उन्होंने अलग-अलग सामान की कीमत बताते हुए कहा कि सभी चीजों को मिलाकर एक किट की कुल लागत करीब 31,236 रुपये आती है। गड़िया ने कहा कि खरीद से जुड़े बिल और सामान का पूरा विवरण मीडिया के सामने रखा गया है। कोई भी व्यक्ति इन दस्तावेजों और किटों की गुणवत्ता की जांच करा सकता है।

विधायक ने मानहानि का मुकदमा दर्ज करने की दी चेतावनी।

विधायक ने यह भी कहा कि उन्होंने कपकोट विधानसभा क्षेत्र में अब तक 1,600 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत कराई है।इसमें सड़क निर्माण, डिग्री कॉलेज, तहसील और पुलिस थानों के भवनों सहित कई काम शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही कुछ राजनीतिक विरोधी विकास कार्यों को लेकर भ्रम फैला रहे हैं और उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। गड़िया ने चेतावनी दी कि उनके खिलाफ झूठे और भ्रामक आरोप लगाने वाले लोगों और पोर्टल्स के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

विधायक के जवाब पर बॉबी पंवार का पलटवार

विधायक की ओर से बिल और सामान की सूची सार्वजनिक किए जाने के बाद बॉबी पंवार ने उनके तर्कों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विवाद इस बात पर नहीं है कि किट में कौन-कौन सा सामान शामिल है, बल्कि सवाल उस सामान की गुणवत्ता और उसकी वास्तविक कीमत का है. बॉबी पंवार ने कहा कि विधायक 32 हजार रुपये की किट का हिसाब बता रहे हैं, लेकिन इससे यह साबित नहीं होता कि उस सामान की कीमत भी उतनी ही है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने खुद अक्टूबर महीने में क्रिकेट किट खरीदी थी, जिसकी कीमत करीब 14 हजार रुपये आई थी. उनके मुताबिक, उस किट में सामान की गुणवत्ता, उसकी संख्या और बैग की मजबूती विधायक की ओर से खरीदी गई किट से बेहतर है।

बॉबी पंवार ने खरीद की मात्रा का हवाला देते हुए कहा कि,जब 200 से अधिक क्रिकेट किट एक साथ खरीदी जाती हैं, तो उनकी कीमत सामान्य बाजार दर से भी कम होनी चाहिए. इतनी बड़ी संख्या में खरीद करने पर एक किट की कीमत करीब 8,000 से 8,075 रुपये आनी चाहिए थी. मौजूदा समय में भी इतनी बड़ी संख्या में किट खरीदी जाएं, तो उनकी अधिकतम कीमत करीब 9,500 रुपये तक हो सकती है। इसी आधार पर मैंने करीब 66 लाख रुपये के कुल बजट में से लगभग 50 लाख रुपये की कथित अनियमितता का आरोप लगाया है।

बॉबी पंवार ने कहा सरकारी धन का पूरा हिसाब दें विधायक

पंवार ने कहा कि यह किसी विधायक का निजी पैसा नहीं, बल्कि जनता की गाढ़ी कमाई है. इसलिए सरकारी धन के इस्तेमाल का पूरा हिसाब दिया जाना चाहिए।

दोनों किटों को आमने-सामने रखने की चुनौती।

बॉबी पंवार ने विधायक सुरेश गड़िया को दो से तीन दिन के भीतर देहरादून में अपनी पसंद की जगह और समय तय करने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि विधायक अपनी 32 हजार रुपये वाली क्रिकेट किट और उसका बिल लेकर आएं, जबकि वह अपनी 14 हजार रुपये वाली किट और उसका बिल लेकर पहुंचेंगे। इसके बाद मीडिया के सामने दोनों किटों में शामिल सामान, उनकी गुणवत्ता और कीमत का मिलान किया जाएगा। पंवार ने कहा कि इससे साफ हो जाएगा कि किस किट में कितना और कैसी गुणवत्ता का सामान है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर विधायक समय और जगह तय नहीं करते हैं तो उनकी टीम खुद तीन-चार दिन के भीतर इसका ऐलान करेगी।

फिलहाल क्रिकेट किट खरीद का यह मामला आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर दोनों पक्षों के बीच खुली चुनौती तक पहुंच गया है। विधायक ने बिल और सामान की सूची के आधार पर खरीद को सही बताया है, जबकि बॉबी पंवार का कहना है कि बिल दिखाने से कीमत और गुणवत्ता पर उठे सवाल खत्म नहीं होते। ऐसे में अब दोनों किटों का आमने-सामने मिलान और खरीद से जुड़े दस्तावेजों की स्वतंत्र जांच इस पूरे विवाद में अहम हो सकती है। इससे ही स्पष्ट होगा कि किटों की कीमत और गुणवत्ता को लेकर उठाए जा रहे सवालों में कितनी सच्चाई है।

किट में शामिल सामान पर भी उठ रहे तकनीकी सवाल

क्रिकेट जानकारों के अनुसार, एक सामान्य व्यक्तिगत क्रिकेट किट बैग में एक बल्ला, एक हेलमेट, एक जोड़ी पैड, बैटिंग ग्लव्स, इनर, थाई पैड और एब्डोमिन गार्ड होता है। ऐसे में हर किट बैग में दो बल्ले, दो हेलमेट और अलग से विकेटकीपिंग ग्लव्स शामिल करने की उपयोगिता और इसके कारण बढ़े अतिरिक्त खर्च पर भी सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में विधायक सुरेश गड़िया द्वारा अगर हर किट बैग में दो हेलमेट, दो बैट दिए गए हैं तो ये अनावश्यक खर्च की ओर संकेत करता है। दो टीमों में दो विकेट कीपर होते हैं तो 11-11 खिलाड़ियों के किट बैग में सिर्फ दो जोड़ी ही कीपिंग ग्लब्स होने चाहिए अगर हर किट बैग में दो-दो कीपिंग ग्लब्स भी दिए गए हैं, तो ये भी अनावश्यक है। फिलहाल यह मामला आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर आमने-सामने की चुनौती तक पहुंच गया है, जिससे इस विवाद के और गहराने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!