ऋषिकेश में बड़ा हादसा टला,ब्रेक फेल होने पर दीवार से भिड़ी बच्चों से भरी स्कूल बस।

ऋषिकेश में बड़ा हादसा टला,ब्रेक फेल होने पर दीवार से भिड़ी बच्चों से भरी स्कूल बस।

ऋषिकेश:-14 नवंबर 2026

उत्तराखंड के ऋषिकेश में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया है.मुनिकीरेती क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी तिराहे के पास बच्चों को लेकर जा रही स्कूल बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। अनियंत्रित बस सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराई है। हादसे के वक्त वाहन में 27 छात्र-छात्राओं समेत कुल 30 लोग सवार थे। गनीमत रही कि सभी बच्चे सुरक्षित बच गए, जबकि प्रधानाचार्य, चालक और हेल्पर को चोटें आई हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद स्थित पंडित तिलक भानु सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चे शिक्षकों के साथ घूमने के लिए ऋषिकेश आए थे। शनिवार सुबह बस लक्ष्मणझूला की ओर जा रही थी। इसी दौरान करीब 9:40 बजे पीडब्ल्यूडी तिराहे पर अचानक बस संख्या (UP 83 AT 8300) की ब्रेक प्रणाली ने काम करना बंद कर दिया। ढलान होने के कारण चालक वाहन को संभाल नहीं पाया और बस सीधे सड़क किनारे दीवार से जा टकराई।

पुलिसकर्मियों ने बस में मौजूद सभी बच्चों और अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में घायल चालक जयप्रकाश, हेल्पर अवधेश और प्रधानाचार्य रजनी सारस्वत को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने तीनों को प्राथमिक उपचार दिया।

हादसे के बाद बच्चों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए पुलिस ने उनके ठहरने के लिए मधुबन आश्रम में इंतजाम कराया। बच्चों के भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई। पुलिसकर्मियों ने शिक्षकों के साथ मिलकर बच्चों की देखभाल की, ताकि दुर्घटना के बाद उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।

गौरतलब है कि बस में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां होने पर पूर्व में एआरटीओ रश्मि पंत ने कार्रवाई करते हुए 21 अतिरिक्त सवारियों को उतरवाया था और ओवरलोडिंग में चालान भी किया था। पीडब्ल्यूडी तिराहे पर सड़क का तीखा ढलान भी हादसों की आशंका बढ़ाता रहा है। स्थानीय स्तर पर इस स्थान पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस की ओर से संबंधित विभाग को पत्र भेजकर सड़क की स्थिति सुधारने और जरूरी सुरक्षा उपाय करने के लिए कहा जा चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। साथ ही मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!