उत्तराखंड में विपक्ष का ‘वोट बचाओ’ महामार्च: देहरादून में मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका, हल्द्वानी में सुमित हृदयेश का जनाक्रोश प्रदर्शन।

उत्तराखंड में विपक्ष का ‘वोट बचाओ’ महामार्च: देहरादून में मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका,हल्द्वानी में सुमित हृदयेश का जनाक्रोश प्रदर्शन।

देहरादून/हल्द्वानी:- 08 अक्टूबर 2026

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के विरोध में विपक्ष का राष्ट्रव्यापी आंदोलन उत्तराखंड में भी तेज हो गया है। इसी कड़ी में आज कांग्रेस समेत ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के सहयोगी दलों और सिविल सोसाइटी के संगठनों ने देहरादून और हल्द्वानी में सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।

गांधी पार्क से घंटाघर तक विपक्ष की हुंकार

राजधानी देहरादून में इंडिया गठबंधन के घटक दलों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने संयुक्त रूप से एक विशाल मार्च निकाला।गांधी पार्क से शुरू हुआ यह मार्च घंटाघर पर जाकर संपन्न हुआ, जहां आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने घंटाघर पर कुछ देर के लिए चक्का जाम भी किया। प्रदर्शन के बाद सभी नेता घंटाघर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष एकत्रित हुए, जहां यह जुलूस एक विरोध सभा में तब्दील हो गया।

वोट के अधिकार पर डाला जा रहा डाका”-इंद्रेश मैखुरी

सभा को संबोधित करते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के राज्य सचिव इंद्रेश मैखुरी ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने मांग की कि मतदाता सूची से हटाए गए पात्र मतदाताओं के नामों की तुरंत समीक्षा की जाए और उन्हें दोबारा जोड़ा जाए। वहीं, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “आज देश में लोकतंत्र, संविधान और आम आदमी का वोट सुरक्षित नहीं है। चुनाव आयोग ने सीधे नागरिक के अधिकारों पर डाका डाला है। जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाकर उन पर मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता, तब तक इंडिया गठबंधन सड़कों पर इसी तरह संघर्ष करता रहेगा।

हल्द्वानी: विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च

दूसरी तरफ, कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस ने यहाँ ‘वोट बचाओ, देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ जन जागरण मार्च निकाला। मार्च की शुरुआत से पहले बुध पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गया। इसके बाद सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर सड़कों पर उतरे। बुध पार्क से एसडीएम (SDM) कोर्ट तक निकाले गए इस मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

“वोट चोरी के जरिए लोकतंत्र की हत्या का प्रयास”- सुमित हृदयेश

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे विधायक सुमित हृदयेश ने आरोप लगाया कि वर्तमान में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमारा यह आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ निजी लड़ाई नहीं है, बल्कि देश के लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए है। वोट चोरी के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेताओं का साफ कहना है कि चुनावी प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बहाल होने तक उनका यह आंदोलन आगे भी चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!