मौसम अपडेट उत्तराखंड:- अगले कुछ दिनों के लिए बारिश,ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट जारी।
उत्तराखंड (देहरादून)-24 अप्रैल 2026
उत्तराखंड में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक और वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सी.एस. तोमर ने प्रदेश में अगले कुछ दिनों के लिए बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड में पिछले तीन दिनों से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। पहाड़ी इलाकों में तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री और मैदानी क्षेत्रों में लगभग 3 डिग्री ज्यादा है। अगले 24 घंटों में उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 25 से 27 अप्रैल तक हरिद्वार और उधम सिंह नगर को छोड़कर बाकी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 28 अप्रैल से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ जगह गर्जन के साथ बिजली चमकने की भी आशंका है।
➡️पश्चिमी विक्षोभ और ईस्टरली हवाओं का संगम⤵️
डॉ. तोमर के अनुसार, वर्तमान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसे बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम ‘ईस्टरली’ हवाओं का भी साथ मिलेगा। इस दोहरे प्रभाव के कारण प्रदेश में मौसम की गतिविधियाँ तेजी से बढ़ेंगी। अगले 24 घंटों में उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जैसे उच्च हिमालयी जिलों में हल्की बारिश और 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।
➡️28 अप्रैल से बढ़ेगी तीव्रता⤵️
25 से 27 अप्रैल के बीच बारिश का दायरा धीरे-धीरे बढ़ेगा, लेकिन असली बदलाव 28 अप्रैल से देखने को मिलेगा। डॉ. तोमर ने बताया कि 28, 29 और 30 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम अधिक सक्रिय रहेगा। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झक्कड़ हवाएं चलने, बिजली गिरने और गर्जना के साथ ओलावृष्टि होने की चेतावनी दी गई है।
➡️चारधाम यात्रियों के लिए चेतावनी⤵️
चारधाम यात्रा के मद्देनजर मौसम विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। केदारनाथ, बद्रीनाथ और हेलीकॉप्टर सेवाओं वाले क्षेत्रों (सिरसी और सहस्रधारा) में मौसम की पल-पल की अपडेट दी जा रही है। डॉ. तोमर ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे ‘यूकाडा’ और पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध मौसम विभाग के पोर्टल को देखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।
➡️तापमान में गिरावट की उम्मीद⤵️
पिछले कुछ दिनों में प्रदेश के मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री और पहाड़ी क्षेत्रों में 4.5 डिग्री तक ऊपर पहुँच गया था। हालांकि, डॉ. तोमर ने आश्वासन दिया कि आने वाली बारिश के चलते अगले 24 घंटों के बाद तापमान में वृद्धि रुक जाएगी और फिलहाल ‘हीट वेव’ जैसी स्थिति की कोई संभावना नहीं है।
