भराडीसैंण में 2 अगस्त से निशुल्क भर्ती तैयारी कैंप,शुरू करेगा यूथ फाउंडेशन।
दूरस्थ क्षेत्र के युवाओं को बेहतर तैयारी का माहौल देना लक्ष्य-कर्नल कोठियाल.
भराड़ीसैंण (गैरसैंण):-30 जुलाई 2026
रिपोर्ट-प्रेम संगेला.
ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के विधानसभा परिसर से सटे भराड़ीसैंण में यूथ फाउंडेशन द्वारा 2 अगस्त से निशुल्क भर्ती तैयारी कैंप शुरू किया जा रहा है। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के प्रधानाचार्य रहे व वर्तमान में उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल द्वारा स्थापित यूथ फाउंडेशन के सहयोगी कैप्टन विक्रम सिंह ने बताया कि वर्तमान में सेना भर्ती की लिखित परीक्षा में पास युवाओं को निशुल्क कैंप के माध्यम से शारीरिक परीक्षा की तैयारी के साथ ही मेडिकल फिटनेस अवेयरनेस भी सिखायी जाएगी। इस दौरान युवाओं को भारतीय सेना की अनुशासित जीवन शैली के तौर तरीकों से भी रूबरू करवाया जाएगा।
26 जुलाई को लखेडी गांव में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कर्नल अजय कोठियाल द्वारा भराड़ीसैंण में कैंप खोलने की घोषणा के बाद वहां दौरा कर आवश्यक आवासीय व्यवस्था के साथ ही अन्य तैयारियां को भी परखा था। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर शिविर के लिए आवश्यक जानकारीयां भी जुटाई। वर्तमान में 100 से 150 अभ्यर्थियों के लिए रहने की व्यवस्था हेलिपेड के पास पुलिस लाइन में की जा रही है।गौरतलब है की अभ्यर्थियों के लिए रहने खाने की सारी व्यवस्थाएं निशुल्क होती है,जिसमें उचित आहार के मानकों का भी पालन किया जाता है। अभ्यर्थियों को केवल कुछ जरूरी दैनिक उपयोग के समान ही साथ लाने की जरूरत होगी।
उल्लेखनीय है की भारतीय सेना में रहते हुए कर्नल अजय कोठियाल के अदम्य साहस ओर वीरता के लिए उन्हें शौर्य चक्र ,कीर्ति चक्र और विशिष्ट सेवा मेडल सम्मानित किया गया था।कर्नल अजय कोठियाल मूल रूप से टिहरी जिले के विकासखंड नरेंद्र नगर के चौंपा गांव के रहने वाले हैं।अविवाहित जीवन जीने वाले कर्नल अजय कोठियाल ने पहाड के युवाओं के पास संसाधनों की कमी को देखते हुए,वर्ष 2013 में यूथ फाउंडेशन की स्थापना की। जिसके माध्यम से सेना में जाने के इच्छुक युवाओं को लिखित परीक्षा से लेकर शारीरिक परीक्षा व मेडिकल अवेयरनेस के लिए वर्तमान में 7 निशुल्क कैंप चलाए रहे हैं। जिनमें उत्तरकाशी,रुद्रप्रयाग के अगस्तमुनि,देहरादून के डोईवाला व लेखक गांव श्रीनगर के चौरास,कण्वाश्रम कोटद्वार व पीरूमदार रामनगर व कैंप शामिल है।इन कैंपों के माध्यम से अब तक 15 हजार से ज्यादा युवा भारतीय सेना व अर्द्धसैनिक बलों में सेवाएं दे रहे हैं। वर्तमान में ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराडीसैंण में भी नया शिविर शुरू किया जा रहा है। जिसको लेकर मेहलचौरी के कैप्टन संग्राम सिंह नेगी, पूर्व सैनिक गोविन्द सिंह मढवाल ने बताया कि दुरुस्थ क्षेत्र के युवाओं को घर के नजदीक ही तैयारी का बेहतरीन सैन्य वातावरण मिलेगा । जिससे तैयारी भी आसान हो सकेगी ,ओर साथ ही सेना का अनुशासित जीवन जीने का भी मौका मिलेगा।
