दुःखद:-देहरादून के क्लेमेनटाउन की नई बस्ती में बरसाती नाले में बही दो बहनें,दोनों की मौत।

दुःखद:-देहरादून के क्लेमेनटाउन की नई बस्ती में बरसाती नाले में बही दो बहनें,दोनों की मौत।

देहरादून:-30 जुलाई 2026

क्लेमेनटाउन क्षेत्र की नई बस्ती में दो बहनों की नाले में डूबने से मौत की खबर आ रही है।बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त दोनों बहने खेल रही थी। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक बच्चियों की पहचान लक्ष्मी कुमारी (7 वर्ष) और सोनाक्षी कुमारी 3 वर्ष के रूप में हुई है। बच्चियों का परिवार मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले के छोटम पिपरा गांव का रहने वाला है और वर्तमान में क्लेमेंटटाउन की नई बस्ती में किराये के मकान में रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब चार बजे राजेश मित्तल ने क्लेमेंटटाउन थाने में सूचना दी कि दुर्गा मंदिर, नई बस्ती के पास बरसाती नाले में दो बच्चियां बहकर रैंप के नीचे फंस गई हैं। सूचना मिलते ही थाना क्लेमेनटाउन पुलिस बल के मौके पर पहुंचे। तब तक स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को बाहर निकाल लिया था,लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

मृतक बच्चियों की मां रीना कुमारी ने पुलिस को बताया गुरुवार दोपहर करीब एक बजे दोनों बेटियां घर के बाहर बरसाती नाले में नहाने गई थीं। इसी दौरान अचानक नाले में पानी का तेज बहाव आ गया,जिससे दोनों बहकर नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गईं। काफी देर तक बच्चियां घर नहीं लौटीं जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान बड़ी बेटी की टांग रैंप के नीचे दिखाई दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। रीना कुमारी ने बताया उनके पति रुदल सदा किसी काम से अपने गांव बिहार गए हुए हैं। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है,हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

थाना क्लेमेनटाउन प्रभारी मोहन सिंह ने बताया आसपास के लोगों से पूछताछ में भी यही तथ्य सामने आए हैं कि दोनों बच्चियां तेज बहाव में बहकर रैंप के नीचे फंस गई थीं। जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई। प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटनावश डूबने का प्रतीत होता है। पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!