देहरादून के शिमला बायपास रोड बडोवाला में हुई फायरिंग की घटना का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल।
प्यार में धोखा खाई महिला ने 5 लाख में दिया था मारने का कांट्रेक्ट।
देहरादून:-12 सितंबर 2026
पटेल नगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है और फरार आरोपी की तलाश में कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है। मुठभेड़ में घायल आरोपी पहले भी आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुका है. उसने देहरादून में सुपारी किलिंग की घटना को अंजाम देने की कोशिश की थी।
देहरादून पुलिस के अनुसार 08 सितम्बर को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह और उनका फुफेरा भाई उस दिन रात वी मार्ट चौक से अपनी स्कूटी से अपने घर की ओर जा रहे थे। इस दौरान पेट्रोल पम्प से करीब 200 मीटर आगे बडोवाला की ओर पीछे से आ रहे मोटर साइकिल सवार दो लड़कों ने उनकी स्कूटी के आगे अपनी मोटर साइकिल लगाकर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया. गोली लगने से महिला का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पटेल नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली पटेल नगर पर अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों ने घटनास्थल और उसके आसपास आने जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों को चेक किया, इसके बाद पुलिस टीम को शुक्रवार रात सूचना मिली कि बडोवाला क्षेत्र में फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी किसी अन्य घटना को अंजाम देने के लिए देहरादून आए हैं। सूचना पाकर पुलिस टीम ने पटेल नगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने गोरखपुर चौक पर एक बिना नंबर की संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया। पुलिस टीम को चेकिंग करता देख वो लोग बाइक को भगाते हुए गोरखपुर चौक से प्रेम नगर जाने वाली रोड की ओर चले गए।
चाय बागान पगडंडी पर हुई मुठभेड़:
पुलिस ने उनका पीछा किया तो दोनों बाइक सवार व्यक्ति चाय बागान पगडंडी पर अपनी मोटरसाइकिल को छोड़कर जंगल की ओर भाग गए. पुलिस टीम ने पीछा किया तो दोनों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया. पुलिस द्वारा अपने बचाव में किए गए जवाबी फायर में एक बदमाश के पैर पर गोली लग गई. दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान अंकित चौहान निवासी सोसायटी रोड लक्सर, केशव नगर, हरिद्वार के रूप में हुई. मौके से फरार बदमाश की पहचान अंकुर के रूप में हुई है. पुलिस टीम को आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, जिंदा/खोखा कारतूस व 01 मोटरसाइकिल बरामद हुई है. आरोपी से पूछताछ में उसके द्वारा बताया गया कि कुछ दिन पहले उसके द्वारा अपने साथी अंकुर के साथ मिलकर बड़ोवाला क्षेत्र में एक बैंक कर्मी को जान से मारने की सुपारी ली गई थी. दोनों बदमाशों ने उस व्यक्ति पर फायर किया था, जिसमें वो घायल हो गया था।
प्यार में धोखा खाई महिला ने दी थी मर्डर की सुपारी:
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले में भी आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुका है। कुछ समय पहले उसकी मुलाकात रानीपुर हरिद्वार निवासी एक व्यक्ति मोहित से हुई थी। मोहित को जानकारी थी कि वह पहले भी जेल जा चुका है। मोहित ने उसकी पहचान अपनी एक महिला दोस्त से कराई, जो एक प्राइवेट बैंक में नौकरी करती थी। महिला दोस्त ने उसे बताया कि साल 2020 में हरिद्वार के एक बैंक में काम के दौरान उसकी मुलाकात बिजनौर निवासी सत्यम कुमार से हुई थी, जो उसके साथ बैंक में काम करता था। सत्यम लगभग चार-पांच सालों तक उसे शादी का झांसा देता रहा। बाद में उसने किसी अन्य लड़की से सगाई कर ली।
मोहित और महिला दोस्त ने उसे सत्यम को रास्ते से हटाने और उसके एवज में उसे मोटी धनराशि देने का ऑफर दिया। सत्यम को मारने के एवज में उसे 5 लाख रुपए देने की बात कही। घटना से पहले महिला दोस्त ने एडवांस के तौर पर उसे 01 लाख 20 हज़ार रुपए दिए थे। बाकी की रकम सत्यम को रास्ते से हटाने के बाद देने की बात कही गई थी। महिला दोस्त ने ही उसे सत्यम की फोटो देते हुए देहरादून में बैंक का कार्यालय दिखाया था।
गोलीकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए पहले दिल्ली और उसके बाद हरियाणा भाग गए। शुक्रवार रात आरोपी मोहित के कहने पर बची हुई रकम लेने वापस देहरादून आए थे। पुलिस चेकिंग के दौरान पकड़े जाने के डर से उनके द्वारा पुलिस टीम पर फायर कर दिया गया। जवाबी फायरिंग में अंकित नाम के सुपारी किलर को गोली लग गई। पुलिस घायल बदमाश को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले गयी, उसके फरार साथी की तलाश हेतु पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग और कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।
