मां नंदा की उत्सव ड़ोलियों को लेकर श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह।
चमोली:-11 सितंबर 2026
रिपोर्ट-रजपाल बिष्ट.
चमोली जिले में एक सप्ताह से चल रही मां नंदा की उत्सव ड़ोलियां लगातार अगले पड़ावों की ओर बढ़ती जा रही हैं। इसके तहत बंड की नंदा की उत्सव ड़ोली तथा छंतोलियों का गौणा में अद्भुत मिलन से श्रद्धालु अभिभूत हो उठे।
दशोली की नंदा की उत्सव ड़ोली ल्वाणी गांव के प्रवास पर पहुंची तो बधाण की राजराजेश्वरी नंदा की उत्सव ड़ोली चेपड़ो गांव के प्रवास पर रही। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा के साथ देव ड़ोलियों और छंतोलियों की आगवानी की। इसके चलते आस्था का सैलाब भी उमड़ पड़ रहा है। नंदा के पड़ावों में मां नंदा के जयकारों से भव्य और दिव्य लोकोत्सव का नजारा देखने को मिल रहा है। हर कोई मां नंदा की भक्ति में डूबा है।
शुक्रवार को बंड की नंदा भूमियाल मंदिर कोंटा, किरूली गांव से पंछूला, भौंधार, भनाई, होते हुए रात्रि विश्राम के लिए गौणा गांव पहुंची। बधाण की नंदा की डोली सूना से राड़ीबगड़, थराली होते हुए रात्रि विश्राम के लिए चेपडो गांव पहुंची.दशोली कुरूड की नंदा की उत्सव डोली सेमा गांव से भौंधार, चरबंग होते हुए ल्वाणी गांव पहुंची।
कैलाश विदा करते समय फफककर रो पड़ी ध्याणियां
बंड भूमियाल मंदिर कोंटा किरूली में बंड क्षेत्र के 12 ग्रामसभा के सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में बंड की नंदा डोली को अगले पड़ाव गौणा गांव के लिए विदा किया गया। बंड नंदा डोली के साथ बंड भूमियाल की छंतोली और गेंदाणु देवता की छंतोली भी कैलाश रवाना हो गई है। ग्रामीणों और ध्याणियों ने पौराणिक लोकगीतों और जागर गाकर हिमालय की अधिष्टात्री देवी माँ नंदा को कैलाश के लिये विदा किया। मेरी मैत की धियाणी तेरू बाटू हेरदू रोली, हेरि चे जा फेरी चे जा तु मैत कु मुल्क जा मेरी गौरा जा तू शिव का कैलाश, जा मेरी गौरा तू, चैखम्भा उकाली..। ध्याण को विदा करते समय महिलाओं की आंखे अश्रुओं से छलछला गयी।
बंड नंदा डोली की विदाई के अवसर पर पुजारी अशोक गौड़, भूमियाल के पुजारी नरेंद्र खाती, गेंदाणु भगवान के पुजारी जगत सिंह नेगी बंड मंदिर समिति के अध्यक्ष जगत सिंह नेगी, सचिव रघुनाथ सिंह फर्स्वाण, संरक्षक शंभू प्रसाद सती, बंड मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष अतुल शाह, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख अयोध्या प्रसाद हटवाल, राजेंद्र सिंह फर्स्वाण प्रदीप फर्स्वाण, संतोष फर्स्वाण, मुकेश फर्स्वाण, पंकज फर्स्वाण, लक्ष्मण सिंह चैहान सहित कई लोग शामिल थे।
बधाण की नंदा की उत्सव ड़ोली भी लगातार अगले पड़ावों की ओर बढ़ रही है। सूना गांव में देव डोली की पूजा अर्चना के पश्चात देवी अगले पड़ाव को रवाना हुई,पैंनगढ़,कुलसारी,सुनांऊ,देवलग्वाड़ तथा आसपास के श्रद्धालु भी दर्शनों को पहुंचे। सूना में भक्तों का सैलाब दर्शनों को उमड़ पड़ा। इस दौरान पड़ाव समिति अध्यक्ष अनिल मिश्रा, प्रधान अनीता देवी आदि ने कहा कि मां नंदा के दर्शनों को लोगों में उमंग व उल्लास बना हुआ है। सूना गांव से विदा होने के बाद देव ड़ोली थराली गांव पहुंची। यहां भी लोगों ने पुष्पवर्षा के साथ देव ड़ोली की आगवानी की। इसके बाद कोटडीप, थराली बाजार, रामलीला मैदार में सैकड़ो श्रद्धालुओं ने मां नंदा का आशीर्वाद लिया। इसके बाद केदारबगड़, रायड़ीबगड़, बनियाढ़ौड़ होते हुए देव ड़ोली चेपड़ो गांव पहुंची। थराली में नगरपंचायत अध्यक्ष सुनीता देवी, कुवंर सिंह रावत, संदीप रावत, विनोद रावत, प्रीतम सिंह रावत आदि ने इस यात्रा को सफल बताया।भरत सिंह बुटोला ने भंडारे का आयोजन किया। इस दौरान शंभू प्रसाद बहुगुणा, जगमोहन सिंह, अनुसूया प्रसाद, भूपेंद्र सिंह बिष्ट आदि ने कहा कि बधाण की लोकजात यात्रा को लेकर इसबार गजब का उत्साह भक्तों में देखने को मिल रहा है।
