माईथान में 5 दिवसीय जन्माष्टमी मेला धूमधाम से शुरू,विधायक अनिल नौटियाल द्वारा मेले को 2 लाख सहायता।
मेला स्थल पर जरनल बिपिन रावत की मूर्ति का कर्नल कोठियाल द्वारा अनावरण।
खनसर क्षेत्र के 14 शहीद सैनिकों के नाम शीला पट्ट पर अंकित।
माईथान (गैरसैंण):-31 अगस्त 2026
रिपोर्ट:-प्रेम संगेला.
विकासखंड गैरसैंण के माईथान में 5 दिवसीय जन्माष्टमी मेले का आज कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल एवं दायित्वधारी सेनि. कर्नल अजय कोठियाल द्वारा सिख लाइट इंफेन्ट्री रेजीमेंट के जवानों की शानदार संगीत प्रस्तुति के बीच विधिवत शुभारंभ किया गया। इससे पूर्व बाजार क्षेत्र में महिला मंगल दलों व स्कूली विद्यार्थियों द्वारा पारंपरिक परिधानों में भव्य कलश यात्रा एवं आकर्षक झांकियों का संचालन किया गया।
माईथान की 12वीं जन्माष्टमी मेले का शुभारंभ विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल एवं पूर्व सैनिक राज्य कल्याण परिषद के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल द्वारा मेला स्थल पर स्थापित प्रेम मंदिर में भगवान गणेश व राधा-कृष्ण के मूर्तियों समक्ष द्वीप प्रज्वलन कर विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर खनसर घाटी पूर्व सैनिक कल्याण समिति की पहल पर मेला मैदान पर जिला पंचायत सदस्य बच्चछुवाबाण अनीता रावत द्वारा नवनिर्मित स्मृति स्थल पर देश के प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत की मूर्ति का अनावरण किया गया। जिस पर खनसर क्षेत्र के 14 वीर शहीद सैनिकों के नाम भी अंकित किये गये हैं।
मुख्य अतिथियों सहित पूर्व सैनिकों ने राजकीय इंटर कालेज माईथान के एनसीसी कैडेट्स के नेतृत्व में रित परेड के माध्यम से मूर्ति के समक्ष पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मेला कमेटी द्वारा मुख्य अतिथियों को माल्यार्पण के साथ अंगवस्त्र व प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया। साथ ही मुख्य अतिथियों द्वारा देश की सीमाओं की रक्षा के दौरान 14 शहीद सैनिकों के परिजनों को अंगवस्त्र व प्रतीक चिन्ह भेंटकर कृतज्ञ भाव के साथ सम्मानित किया गया। मेला कमेटी द्वारा पूर्व सैनिकों ,शिक्षकगणों व पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के विधार्थियों द्वारा स्वागत गीत के साथ ही उत्तराखंड के पारंपरिक लोकगीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दी गयी। मेलार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि जन्माष्टमी जैसे पावन मौके पर आयोजित होने वाले इस मेले का संदेश प्रेम और सौहार्दपूर्ण समाज का निर्माण करना है। क्षेत्रीय विकास के माध्यम बन रहे मेलों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलता है। मेले को 2 लाख की मदद दिये जाने के साथ ही राजकीय मेला घोषित किये जाने के लिए प्रयास करने की बात कही।
दायित्वधारी कर्नल अजय कोठियाल ने कहा की गैरसैंण क्षेत्र सैनिक बाहुल्य क्षेत्र है,जहां से बड़ी संख्या में सैनिक देश सेवा से जुड़े रहे हैं,वहीं नई युवा पीढ़ी में भी सेना में जाने का जबरदस्त जोश और जज्बा देखा जा रहा है.उन्होंने कहा कि आज मेला स्थल पर देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत की मूर्ति स्थापना से साथ ही क्षेत्र के शहीद सैनिकों के योगदान का उल्लेख किया गया है,जो क्षेत्र के युवाओं को सेना के प्रति सम्मान ओर प्रेरणा देने का काम करेगा।
मेला कमेटी अध्यक्ष गुड्डी मढवाल ने अतिथियों सहित मेला कमेटी के सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। प्रमुख गैरसैंण दुर्गा रावत एवं जिला पंचायत सदस्य अनीता रावत ने कहा कि मेले का आयोजन क्षेत्र की सामूहिक एकता का परिचायक है जो एकता की प्रेरणा देता है।सुरेंद्र सिंह बिष्ट के संचालन में आयोजित मेले के शुभारंभ दिवस पर प्रमुख गैरसैंण दुर्गा रावत,जिला पंचायत सदस्य बच्चछुवाबाण अनीता रावत,पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष नयन सिंह नेगी,सचिव राजपाल बिष्ट,भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलदीप रावत,विनोद नेगी,सेवा समिति के वीरेंद्र रावत,प्रधान कुशरानी तल्ली पुष्पा देवी,कोट की दर्शनी कंडारी,दिवाधार की संगीता देवी,बच्चछुवाबाण मल्ला की संगीता नेगी,लखेडी की सरिता देवी,क्षेत्र पंचायत सदस्य बच्चछुवाबाण अंजू बिष्ट,मेला कमेटी संरक्षक अवतार सिंह पुंडीर,मेला सचिव पुष्कर बिष्ट,मंजू देवी,कोषाध्यक्ष गोविंद सिंह,मालती देवी,पुष्पराज नेगी,चंद्रा देवी,बलदेव सिंह नेगी,संजय रावत,दान सिंह रावत,जय सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के प्रधान,क्षेत्र पंचायत सदस्य,महिला मंगल दल व विद्यालयों के शिक्षक गण उपस्थित रहे।
