हल्द्वानी की यूट्यूबर ज्योति अधिकारी को दो मुकदमों में मिली जमानत,जेल से निकलने वाली थी ज्योति,खटीमा पुलिस ने दाखिल कर दिया वारंट बी,जेल से नहीं आ पाई बाहर।
हल्द्वानी-13 जनवरी 2026
यूट्यूबर ज्योति अधिकारी को भले ही हल्द्वानी कोर्ट से जमानत मिल गई हो, लेकिन उसकी कानूनी परेशानियां फिलहाल कम होती नजर नहीं आ रही हैं. जमानत आदेश के तुरंत बाद ही खटीमा पुलिस ने हल्द्वानी जेल में वारंट बी दाखिल किया है। जिस कारण ज्योति अधिकारी को हल्द्वानी जेल से रिहा नहीं किया गया. अब खटीमा पुलिस आरोपी ज्योति को बुधवरा को संबंधित न्यायालय में पेश करेगी
बता दें कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर व यूट्यूबर ज्योति अधिकारी को शुक्रवार यानी 13 जनवरी को सिविल एवं दंड न्यायालय हल्द्वानी के अपर मुख्य सिविल जज द्वितीय ने सुनवाई के बाद जमानत दे दी है। ज्योति अधिकारी गुरुवार यानी 8 जनवरी से न्यायिक हिरासत में जेल में बंद थीं। उन पर उत्तराखंड की महिलाओं और देवी देवताओं के अपमान समेत गंभीर आरोप लगे थे। जिसको लेकर हाल के दिनों में खासा विवाद देखने को मिला था। दरअसल, हाल में ही अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच और कथित वीआईपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदेशभर में आंदोलन चल रहा था। जिसमें ज्योति अधिकारी भी शामिल हुई थीं. आंदोलन के दौरान ज्योति अधिकारी के कई वीडियो सामने आए। इनमें एक वीडियो में ज्योति अधिकारी हाथ में खुलेआम दरांती लहराती नजर आईं थी। साथ ही वीडियो में उत्तराखंड की महिलाओं और देवी देवताओं पर ज्योति की ओर से विवादित टिप्पणी करने के भी आरोप लगे थे।
हल्द्वानी निवासी जूही चुफाल ने ज्योति अधिकारी के टिप्पणी पर आपत्ति दर्ज करते हुए उनके खिलाफ मुखानी थाने में तहरीर सौंपी थी। तहरीर के आधार पर मुखानी थाना पुलिस ने यूट्यूबर ज्योति अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नोटिस जारी किया था,लेकिन नोटिस मिलने के बाद ज्योति अधिकारी कोर्ट में जाने समेत अन्य बातें कहतीं नजर आईं। वहीं, 8 जनवरी को मुखानी थाना पुलिस ने ज्योति अधिकारी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।
हल्द्वानी के मुखानी थाने में दर्ज दो मुकदमों में 13 जनवरी को हल्द्वानी कोर्ट ने ज्योति अधिकारी की जमानत मंजूर कर दी थी,लेकिन खटीमा कोतवाली में दर्ज मुकदमे को लेकर खटीमा पुलिस हल्द्वानी के उप कारागार पहुंच कर वारंट बी दाखिल किया गया। 14 जनवरी को खटीमा पुलिस ज्योति अधिकारी को जेल से रिमांड लेते हुए न्यायालय के सामने पेश करेगी। गौर हो कि हल्द्वानी के मुखानी थाने में दर्ज मुकदमे के बाद यूट्यूबर ज्योति अधिकारी के खिलाफ खटीमा, रुद्रपुर और अल्मोड़ा में भी मुकदमे दर्ज हुए थे। ज्योति अधिकारी के अधिवक्ता गौरव कपूर, किरन पंत ने बताया कि मंगलवार को हल्द्वानी कोर्ट ने मुखानी में दर्ज दोनों मुकदमों में ज्योति अधिकारी को 30 हजार के निजी मुचलकों में बेल दी है, लेकिन खटीमा कोतवाली में दर्ज मुकदमे को लेकर खटीमा पुलिस ने वारंट बी दाखिल किया है। जिस कारण वो हल्द्वानी जेल से बाहर नहीं आ पाई। संभावित बुधवार को खटीमा पुलिस ज्योति अधिकारी को रिमांड पर लेकर न्यायालय खटीमा में पेश कर सकती है।
