कोटद्वार में उस्मान को युवती से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने किया गिरफ्तार।
कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल)- 04 फरवरी 2026
उत्तराखंड के कोटद्वार का ‘बाबा’ नाम पर विवाद अभी पूरी तरह शांत नहीं हुआ है,सोशल मीडिया पर अभी भी विवाद को लेकर कई नई बातें और बयान सामने आ रहे हैं, ऐसे में कोटद्वार से एक और नया और गंभीर मामला सामने आया है। मामला युवती से छेड़छाड़ से जुड़ा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कोटद्वार निवासी युवती ने कोतवाली में तहरीर दी है। तहरीर में बताया कि कुछ दिन पहले उसकी जान-पहचान कोटद्वार निवासी युवक से हुई थी जिसके बाद वह उसे लगातार फोन कॉल और मैसेज कर परेशान करने लगा। युवती का आरोप है कि आरोपी बाजार आते-जाते समय उसका हाथ पकड़ लेता था और मना करने पर गाली-गलौज करता था।
पीड़िता के मुताबिक,उसने कई बार आरोपी को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। लगातार मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर युवती को आखिर में पुलिस की शरण लेनी पड़ी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने मामले को गंभीर मानते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी उस्मान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(2), 78, 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया और उसे कोटद्वार से गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।
गौर है कि इससे पहले 26 जनवरी को कोटद्वार के पटेल मार्ग पर एक दुकान के नाम को लेकर विवाद खड़ा हुआ था। जिसे लेकर अब तक माहौल पूरी तरह शांत नहीं हो पाया है। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर के सभी प्रमुख चेक पोस्टों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
