हल्द्वानी में बर्खास्त शिक्षक मोबिन खान के घर से AK-47 का कारतूस और तमंचे बरामद।

हल्द्वानी में बर्खास्त शिक्षक मोबिन खान के घर से AK-47 का कारतूस और तमंचे बरामद।

हल्द्वानी-17 फरवरी 2026

हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन क्रैक डाउन अभियान के दौरान एक घर से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद कर 60 वर्षीय मोबिन खान को गिरफ्तार किया है। बरामदगी में 315 बोर और 12 बोर के दो तमंचे, कुल 17 कारतूस तथा AK-47 में प्रयुक्त 7.62 मिमी का एक कारतूस शामिल है।

कार्रवाई नैनीताल पुलिस के ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत की गई। एसएसपी मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में बनभूलपुरा पुलिस ने मुखबिर सूचना पर छापेमारी की। तलाशी में हथियार अलमारी के ऊपर छिपाकर रखे मिले।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में पॉक्सो अधिनियम से जुड़े मामले में सजा पा चुका है और शिक्षा विभाग से बर्खास्त है। परिवारजनों ने बताया कि वह हथियार दिखाकर उन्हें डराता-धमकाता था। छापेमारी के दौरान उसने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की, जिसे समय रहते रोक लिया गया। उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच कराई जा रही है।

आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। बरामद असलहों के स्रोत की जांच जारी है। पुलिस ने आमजन से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है, ताकि कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!