महिला उत्पीड़न के आरोपी नेता को हाईकोर्ट का आदेश,3 दिन के अंदर पीड़िता से शादी की समस्या का समाधान करें।
नैनीताल-23 मार्च 2026
उत्तराखंड हाईकोर्ट ने अल्मोड़ा जिले के भतरौंजखान थाने में एक स्थानीय नेता पर महिला उत्पीड़न के गंभीर आरोप और उसके बाद महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी के द्वारा उसे निरस्त करने के मामले पर सुनवाई की। मामले की सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की एकलपीठ ने मौखिक आदेश पारित कर आरोपी से कहा है कि तीन दिन के भीतर पीड़िता से मिलकर शादी की समस्या का समाधान निकालें।
नेता को पीड़ित से मिलकर शादी का मसला सुलझाने का आदेश⤵️
कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 27 मार्च की तिथि नियत की है। आज सोमवार को हुई सुनवाई पर याचिकाकर्ता की तरफ से कहा गया कि उनकी गिरफ्तारी पर उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे को निरस्त किया जाए, लेकिन कोर्ट ने मामले को गम्भीर पाते हुए उनसे मौखिक तौर पर कहा कि 27 मार्च तक आप पीड़िता से मुलाकात कर इस मामले को सुलझाने की कोशिश करें।
जानिये पूरा मामला⤵️
मामले के अनुसार अल्मोड़ा जिले के थाना भतरौंजखान में एक महिला ने एक स्थानीय नेता पर 09 वर्ष तक शादी का झूठा झांसा देकर उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप लगाया था। शिकायत पर पुलिस ने जालसाजी, ठगी और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। सरकारी कार्यालय में कार्यरत महिला ने अपनी तहरीर में बताया है कि आरोपी स्वयं एक पार्टी से जुड़ा हुआ है। महिला के अनुसार करीब 09 वर्ष पहले अल्मोड़ा के चितई गोल्ज्यू मंदिर में आरोपी विवाह की रस्म निभाने के लिए उसे ले गया, लेकिन विवाह नहीं किया, बाद में बहाने कहते-करते शादी टाल दी।
महिला का आरोप नेता ने लाखों रुपए भी हड़पे⤵️
महिला का आरोप है कि इन 9 वर्षों के दौरान राज्य के अलावा अन्य राज्यों में एक दूसरे के साथ घूमते-फिरते रहे। महिला का आरोप है कि नेता घर पर उसके परिवार के साथ भी रहा। महिला के अनुसार नेता ने उसके सरकारी पद का फायदा उठाते हुए उससे गाड़ी,कपड़े, मकान का किराया और निजी खर्च के लिए उससे लाखों रुपये भी लिए।
शादी का झांसा देकर टालते रहने का आरोप⤵️
लंबे समय तक चले संबंध के बाद जब महिला ने शादी को कानूनी रूप देकर रजिस्ट्रेशन कराने की बात कही, तो आरोपी नेता की मां और अन्य परिजनों ने यह कहकर मना कर दिया कि हम शादी नहीं कर सकते। महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसे धमकाया और कहा कि जो कर सकती हो कर लो।
नेताजी ने दूसरी लड़की से तय कर लिया विवाह⤵️
इससे व्यथित होकर महिला ने कानून का सहारा लेते हुए 09 मार्च 2026 को अल्मोड़ा जनपद के थाना भतरौंजखान में लिखित तहरीर दी। तहरीर में कहा कि उनके द्वारा मुझे बार बार झूठे शादी का वचन दिया गया। लेकिन अब वह किसी अन्य लड़की से विवाह करने जा रहा है। महिला ने आरोप लगाया कि जिस लड़की से नेता की शादी हो रही है, उसने दोनों की फोटो इंस्टाग्राम पर मुझे भेजी है।बताया जाता है कि ये नेता पार्टियां बदलने के लिए मशहूर है। राज्य की दोनों बड़ी पार्टियों के कार्यक्रमों में वो देखा जाता रहा है।
