दो दिन से ठप जलापूर्ति पर पोखरी में भड़के व्यापारी,प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी।
पोखरी (चमोली)-24 मार्च 2026
रिपोर्ट-ललिता प्रसाद लखेड़ा.
पोखरी बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से ठप पड़ी जलापूर्ति को लेकर व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने तहसील प्रशासन और जल संस्थान के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए शीघ्र पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
व्यापारियों का कहना है कि लगातार दो दिन से पानी की सप्लाई बाधित रहने के कारण बाजार क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है, जिससे आम जनता के साथ-साथ व्यापारियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान थालाबैड वार्ड से जिला पंचायत सदस्य और व्यापार मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, एडवोकेट श्रवण सती,विष्णु प्रसाद चमोला,महावीर बासकडी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से जल्द से जल्द जलापूर्ति सुचारू करने की मांग की।व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही पानी की आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
