जमीन विवाद में भतीजे ने ताऊ को मारी गोली,जांच में जुटी पुलिस।

जमीन विवाद में भतीजे ने ताऊ को मारी गोली,जांच में जुटी पुलिस।

गदरपुर (उधमसिंह नगर)- 31 मार्च 2026

उत्तराखंड के गदरपुर क्षेत्र के बकानिया गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां जमीन के एक टुकड़े को लेकर चल रहे लंबे पारिवारिक विवाद ने आखिरकार हिंसक और घातक रूप ले लिया। इस विवाद में एक नाबालिग ने अपने ही ताऊ की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार,बकानिया गांव में दो सगे भाइयों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। कई बार गांव में पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन इस विवाद का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया।धीरे-धीरे यह विवाद इतना गहरा हो गया कि दोनों परिवारों के बीच तनाव लगातार बढ़ता चला गया। यह विवाद उस समय चरम पर पहुंच गया जब मृतक का बेटा जमीन के बंटवारे को लेकर अपने चाचा के घर पहुंचा।

वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई।पारिवारिक जन स्थिति को शांत कराने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान अचानक हालात बेकाबू हो गए। आरोप है कि गुस्से में छोटे भाई के नाबालिग बेटे ने घर में रखी लाइसेंसी रिवॉल्वर उठा ली और अपने ताऊ पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया. परिवार में कोहराम छा गया और स्थानीय लोग भी दहशत में आ गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना में शामिल नाबालिग और उसके पिता को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य एकत्र किए।

मृतक के बेटे ने इस पूरे मामले को सुनियोजित साजिश बताते हुए आरोप लगाया है कि उनके दादा की मौत के बाद तीन जमीनों का बंटवारा होना था। इनमें से एक जमीन, जिसमें उनके पिता का भी अधिकार था, को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी जमीन को हड़पने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया गया।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच जमीन को लेकर विवाद था और उसी के चलते झगड़ा हुआ। उन्होंने बताया कि झगड़े के दौरान बीच-बचाव करते समय नाबालिग ने अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से अपने ताऊ पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।एसएसपी ने कहा कि मामले में तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!