मुख्यमंत्री धामी ने चम्पावत को दी 36.83 करोड़ रुपये की सौगात।

मुख्यमंत्री धामी ने चम्पावत को दी 36.83 करोड़ रुपये की सौगात।

चंपावत-31 मार्च 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत के समग्र विकास को नई दिशा देते हुए जनकल्याण एवं आधारभूत संरचना को सशक्त बनाने के लिए 36.83 करोड़ रुपये की 17 योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इसमें ₹ 7.12 करोड़ लागत वाली चार योजनाओं का लोकार्पण और ₹29.71 करोड़ की 13 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा इन योजनाओं से चम्पावत के अंतिम छोर तक विकास का लाभ पहुंचेगा और जनपद तेजी से “आदर्श जनपद” के रूप में स्थापित होगा। मुख्यमंत्री ने गांधी चौक में स्थापित 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का विधिवत अनावरण भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है, जो प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रसेवा का भाव जागृत करता है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा चम्पावत को “आदर्श जनपद” बनाने का संकल्प इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि जनपद में ₹117 करोड़ से अधिक की लागत से गोल्ज्यू कॉरिडोर का निर्माण प्रगति पर है। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए जिला चिकित्सालय में ₹20 करोड़ की लागत से 50 बेड क्षमता की अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित की गई है और ₹05 करोड़ की लागत से सीटी स्कैन एवं एमआरआई जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ₹57 करोड़ की लागत से बन रहा साइंस सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस युग में बच्चों को आधुनिक ज्ञान से जोड़ते हुए उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेगा। उन्होंने बताया कि शारदा कॉरिडोर के निर्माण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि खेलों के क्षेत्र में बेटियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लोहाघाट में ₹257 करोड़ की लागत से राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज निर्माणाधीन है। इसके साथ ही भारत-नेपाल सीमा पर ड्राई पोर्ट निर्माण तथा बुजुर्गों के लिए ₹08.99 करोड़ की लागत से वृद्धाश्रम भवन निर्माणाधीन है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वीर सैनिकों, वीर नारियों और पर्यावरण मित्रों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और कहा कि सरकार विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

वहीं,मुख्यमंत्री धामी ने स्वास्थ्य,कृषि,पेयजल, सिंचाई, पर्यटन एवं खेल क्षेत्र से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चम्पावत को “आदर्श जनपद” के रूप में विकसित करने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाना है।मुख्यमंत्री ने चम्पावत में प्रशिक्षण हेतु टाइप-3/4 आवासीय परिसर तथा CMO कार्यालय भवन निर्माण के साथ District Early Intervention Centre एवं जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की स्थापना की घोषणा की। उन्होंने एक हजार परिवारों को मौन पालन हेतु प्रशिक्षण आदि के लिए ₹2 करोड़ की धनराशि की स्वीकृति प्रदान करते हुए मोनपोखरी से नीड तक 2 किमी सड़क का डामरीकरण एवं सुधारीकरण, अमोड़ी-छतकोट बाईपास में 5 किमी मोटर मार्ग/पुल निर्माण, जनपद में 50 हैंडपंपों की स्थापना, क्षेत्र पंचायत पाल्सो में आंतरिक टाइल्स मार्गों का निर्माण, ग्राम शक्तिपुरबूंगा क्षेत्र के प्रत्येक ग्राम में 10-10 सोलर लाइट की व्यवस्था की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ब्यानधूरा बाबा मंदिर सहित सभी मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, नागनाथ मंदिर के समीप रामलीला मंच का निर्माण एवं विकास, चम्पावत में भवन एवं व्यापारिक परिसर का निर्माण, ढकना-बडोला से सेरोला तक लिंक मार्ग निर्माण, बनलेख से हिंगला देवी मंदिर तक मोटर मार्ग, पूर्वांचल एग्रो संस्कृत विद्यालय का पुनरोत्थान, जल संस्थान कार्यालय हेतु जल भवन का निर्माण, मनेश्वर-चैड़ा राजपुर मार्ग एवं उससे जुड़े मार्गों में इंटरलॉकिंग टाइल्स का कार्य, 20 स्थानों पर सोलर लिफ्ट पेयजल सिंचाई योजनाओं की स्थापना, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा एवं कृषकों की आय वृद्धि हेतु ₹5 करोड़ की सामूहिक घेरबाड़ योजना की भी घोषणा की।मुख्यमंत्री ने अमोड़ी-सिप्टी मोटर मार्ग पर दो बेली ब्रिजों के निर्माण, खर्ककार्की क्षेत्र में खेल मैदान का विकास, विकास भवन चम्पावत का कुमाऊंनी शैली में पुनरोद्धार तथा ग्राम सभा नघान से डोडेश्वर मंदिर तक सड़क निर्माण की भी घोषणा की।

इस दौरान दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, अध्यक्ष जिला पंचायत आनंद सिंह अधिकारी,भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत,अध्यक्ष नगर पालिका चंपावत प्रेमा पांडेय, लोहाघाट गोविंद वर्मा,ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार,पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती, व्यापार मंडल अध्यक्ष विकास शाह सहित जनप्रतिनिधि,विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, भूतपूर्व सैनिक, वीर नारियां एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!