कर्णप्रयाग संगम में युवक ने लगाई छलांग,उपचार के दौरान हुई मौत।
कर्णप्रयाग-16 अप्रैल 2026
रिपोर्ट-ललिता प्रसाद लखेड़ा.
चमोली जनपद के कर्णप्रयाग संगम क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है,जहां एक युवक ने अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक को नदी से बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि युवक को बाहर निकालने के समय उसकी हालत बेहद गंभीर थी, वह बेहोश था। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे सीपीआर देकर और मुंह से ऑक्सीजन देकर बचाने का प्रयास किया। इसके बाद 108 एंबुलेंस को सूचना देकर युवक को उप चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके से मिले पहचान पत्र के अनुसार मृतक की पहचान भोपाल नेगी पुत्र गुमान सिंह, निवासी खैनोली नारायणबगड़ के रूप में हुई है।फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दे दी है। घटना की जानकारी के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। परिजन तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गये हैं. पुलिस ने बताया फिलहाल अभी पंचनामे की कार्यवाही की जा रही है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कर शव उन्हें सौंपा जाएगा।
