मैदानी से लेकर पहाड़ तक झुलसाने वाली गर्मी, 29 मई से राहत के आसार।

मैदानी से लेकर पहाड़ तक झुलसाने वाली गर्मी, 29 मई से राहत के आसार।

देहरादून- 25 मई 2026

उत्तराखंड में नौतपा शुरू होते ही भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश के मैदानी इलाकों में तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जबकि दिन के साथ-साथ रात में भी उमस और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार 25 मई को भी मौसम में किसी बड़ी राहत की संभावना नहीं है और अगले कुछ दिनों तक गर्मी का प्रकोप जारी रह सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के कई जिलों में हीट वेव की चेतावनी जारी की है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बादल छाने से तापमान में कुछ गिरावट आने की उम्मीद जताई गई है।

देहरादून में 40 डिग्री पार पहुंचा तापमान⤵️

रविवार को राजधानी देहरादून का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं ऊधमसिंह नगर में अधिकतम तापमान 38.7 और न्यूनतम 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 28.2 और न्यूनतम 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नई टिहरी में अधिकतम तापमान 29.5 और न्यूनतम 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

इन जिलों में हीट वेव की चेतावनी⤵️

मौसम विभाग ने 26 और 27 मई को हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंह नगर के साथ-साथ नैनीताल और चंपावत के मैदानी इलाकों में हीट वेव चलने की संभावना जताई है। विशेषज्ञों के अनुसार नौतपा के प्रभाव के चलते आने वाले दिनों में गर्म हवाएं और तेज धूप लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती हैं।

29 मई से मिल सकती है राहत⤵️

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 29 मई से उत्तर-पश्चिम भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से 29 से 31 मई के बीच पर्वतीय जिलों में बारिश, तेज हवाएं और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

30 और 31 मई को मैदानी इलाकों में भी बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

इन जिलों में आज बारिश के आसार⤵️

मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तराकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि मैदानी क्षेत्रों में अगले तीन दिनों तक तेज धूप और गर्म हवाओं का असर जारी रहने की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!