आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस की तैयारियां तेज,पेपर लीक को लेकर बोला भाजपा पर हमला।
गैरसैंण-24 जुलाई 2026
रिपोर्ट:-पुष्कर सिंह रावत
आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. जिसको लेकर कांग्रेस पार्टी ने आज गैरसैंण में कांग्रेस नगर अध्यक्ष कुंवर सिंह रावत की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया,जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला व पूर्व विधायक थराली जीतराम टम्टा मौजूद रहे। इस दौरान महिला मंगल दल अध्यक्ष धारगैड सुरेशी देवी, महिला मंगल दल अध्यक्ष सालियाणा रिंकी देवी व कोषाध्यक्ष अनुराधा सहित 21 पुरुष व युवाओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वहीं इस अवसर पर जिला व युवा कांग्रेस कमेटी की नवगठित कार्यकारिणी के सदस्यों सहित गैरसैंण मीडिया के पत्रकारों को स्मृति चिन्ह और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर कांग्रेस के अध्यक्ष कुंवर सिंह रावत ने कहा कि,जब भी कांग्रेस ने स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया तब महिलाओं ने हर कदम पर कांग्रेस का साथ दिया। कहा कि आज महिलाओं की भागीदारी लोकतंत्र में बहुत जरूरी है,कांग्रेस पार्टी है जो महिलाओं को शिखर पर देखना चाहती है। कहा कि आज देश बुलंदियों पर पहुंचा है,वो भी कांग्रेस पार्टी की सोच का कारण है।
नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी ने गैरसैंण में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर सरकार को घेरा.उन्होंने कहा कि लंबे आंदोलन व संघर्षों के बाद गैरसैंण में विशेषज्ञ चिकित्सकों की न्युक्ति की गई थी लेकिन,कुछ समय बाद ही गैरसैंण से इन चिकित्सकों का सरकार द्वारा स्थानांतरण कर दिया गया है।जो बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.उन्होंने चिकित्सकों की शीघ्र तैनाती की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी।
बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि,भाजपा जनता को अंधविश्वास में ले जाने का काम कर रही है,कहा कि ये सरकार लगातार बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है.उन्होंने पेपर लीक मामले को लेकर कहा कि,यह मामला पक्ष और विपक्ष का नहीं है यह इस देश के भविष्य का सवाल है. कहा कि भाजपा सरकार के इन 12 सालों में 152 से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं,जो गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री को अगर बच्चों के भविष्य की इतनी ही चिंता होती तो वह जब सारा देश सो रहा था तब रात के 12 बजे सोशियल मीडिया पर आकर अपनी चुप्पी नहीं तोड़ते.कहा कि प्रधानमंत्री की ऐसी क्या मजबूरी है कि वह धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं ले पा रहे हैं.उन्होंने कहा कि,प्रधानमंत्री को स्वयं भी जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से त्यागपत्र देना चाहिए. वहीं उन्होंने जंतर मंतर पर बेरोजगार युवाओं पर हुए बर्बर लाठीचार्ज की घटना की निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्यवाही की मांग की। उन्होंने बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी मामले को लेकर कहा कि मंदिर समिति के अध्यक्ष,मुख्यमंत्री व धर्मस्व मंत्री को इस पूरे मामले की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पदों से इस्तीफा देना चाहिए,तभी निष्पक्ष जांच हो सकेगी व दोषियों को कठोर सजा मिल पाएगी।
पूर्व विधायक जीत राम टम्टा ने कहा कि,सत्ता में आज बेऔलादें बैठी हैं,वो बच्चों के भविष्य को लेकर कैसे चिंतित हो सकती है.जीत राम ने कहा कि,आज भाजपा सरकार जनता को 5 किलो राशन के नाम पर ठग रही है। कहा कांग्रेस ने जो पूरे विश्व में देश की छवि बनाई थी आज इस भाजपा सरकार ने उसे गिराने का काम किया है. जीत राम ने कहा कि,भाजपा की बाजपेयी सरकार ने कर्मचारियों की पेंशन बन्द करने का काम किया.वहीं आज मोदी सरकार युवाओं का रोजगार खत्म करने का काम कर रही है। कहा कि भाजपा सरकार में लगातार पेपर लीक हो रहे है,जो सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि,आज उत्तराखंड के अंदर हजारों युवा बेरोजगार हैं,क्योंकि इस सरकार ने आज देश को अडानी और अम्बानी के हाथों गिरवी रख दिया है। कहा कि इस भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है, आज देश को भाजपा से बचाने की जरूरत है।
पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने कहा कि,आज का कार्यक्रम मातृशक्ति, युवा शक्ति व उन आम कार्यकर्ताओं जो बूथ स्तर पर पार्टी के लिए लड़ने का कार्य करती है, उनके सम्मान में रखा गया था। कहा कि हमारी मातृशक्ति जो हर समय स्वास्थ्य शिक्षा सड़क को पानी की समस्याओं के मुद्दे को लेकर मुखर रहती है,उनका भी कांग्रेस पार्टी ने सम्मान करने का कार्य किया है. कहा की गैरसैंण में कांग्रेस मजबूती के साथ कार्य कर रही है और समय-समय पर जनहित को मुद्दों को उठाने का कार्य करती है.उन्होंने आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर कहा कि,कांग्रेस मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और जीत हांसिल करेगी।
कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री हरिकृष्ण भट्ट ने कहा कि,यह सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है.आज जितने भी सामाजिक संगठन व राजनीतिक दल हैं वो युवाओं के भविष्य को लेकर चिंतित हैं. लेकिन भाजपा सरकार बहुमत के घमंड में डूबी हुई सरकार है.कहा कि,लोकतंत्र बहुमत से नहीं चलता बल्कि असहमति को सुनने से चलता है. उन्होंने कहा कि,लोकतंत्र को बचाने व मजबूत करने के लिए कांग्रेस की सरकार बहुत जरूरी है।
इस अवसर पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी,महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष उषा रावत,पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र रावत,जिला पंचायत सदस्य कामेश्वरी देवी,महिला नगर अध्यक्ष सरोज साह,राम दयाल,संदीप कुमार,हरेंद्र कंडारी,मोहन राम टम्टा,बृजमोहन पंत,गोपाल पंत,क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेंद्र आर्य,ग्राम प्रधान दीवान राम,सभासद उमा ढोडियाल,सभासद गोविंद पंवार,रूप लाल,प्रदीप कुंवर,दान सिंह नेगी,मंजू बिष्ट,दलबीर बिष्ट,संजय कुमार,अंकित चौहान,अजीत साह,सोबन साह,मोहन पंत,पीड़ी जोशी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता व महिला मंगल दल की पदाधिकारी व महिलाएं मौजूद रहीं।
