उत्तराखंड पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल की संदिग्ध मौत,सर्विस कार्बाइन से चली 11 राउंड फायर।
देहरादून-26 मई 2026
देहरादून के रानीपोखरी क्षेत्र में उत्तराखंड पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल सुनील (49) की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। जौलीग्रांट एयरपोर्ट में तैनात सुनील सोमवार रात ड्यूटी से घर लौटे थे। देर रात उनके आवास के बरामदे में अचानक उनकी सर्विस कार्बाइन से एक के बाद एक 11 गोलियां चल गईं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।गोलियों की आवाज सुनकर परिजन उन्हें गंभीर हालत में हिमालयन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। फिलहाल पुलिस यहीं मानकर चल रही है कि गोलियां सुनील की सरकारी कार्बाइन से ही चली हैं,हालांकि घटना कई सवाल भी खड़े कर रही है। पुलिस की ओर से यह आशंका भी जताई जा रही है कि हथियार साफ करते समय गोली चल सकती है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि यह हादसा था तो फिर एक-दो नहीं बल्कि करीब 11 राउंड गोलियां कैसे चल गईं। इसी बिंदु को लेकर पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय सुनील अपने घर के बरामदे में मौजूद थे। पुलिस ने कार्बाइन को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। जबकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या हादसा और अन्य संभावित कारणों सहित सभी एंगल पर जांच कर रही है। वहीं रानीपोखरी थाने के एसएसआई नवीन डंगवाल ने बताया कि यह घटना रात की बताई जा रही है। गोली चलने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।
