चारधाम यात्रा पर आई महिला की गौचर में बस के चपेट में आने से कुचलकर दर्दनाक मौत।

चारधाम यात्रा पर आई महिला की गौचर में बस के चपेट में आने से कुचलकर दर्दनाक मौत।

गौचर (चमोली)- 27 मई 2026
रिपोर्ट- ललिता प्रसाद लखेड़ा.

चमोली जनपद के गौचर मेला ग्राउंड में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोतवाल विनोद थापलियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक बस द्वारा महिला को कुचल दिया गया है। सूचना मिलते ही चौकी गौचर से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि बस संख्या (DD01 R 9725) के चालक ने बस के अगले दाहिने टायर से एक महिला को कुचल दिया था। बताया जा रहा है कि बस सड़क किनारे खड़ी थी। गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत उपचार के लिए प्राथमिक चिकित्सालय गौचर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान राजकुमारी पत्नी शशिकांत शर्मा (67 वर्ष) निवासी ग्राम एवं पोस्ट पचोखरा, थाना दिलदारनगर, तहसील जमानिया, जिला गाजीपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मृतक महिला 15 मई 2026 को अपने परिजनों के साथ चारधाम यात्रा पर निकली थीं। ऋषिकेश पहुंचने के बाद उन्होंने बस संख्या (UK 11PA 4040) से यात्रा शुरू की थी।

पुलिस के अनुसार घटना को अंजाम देने वाली बस में गुजरात के यात्री सवार थे, जिन्हें दूसरी बस से बद्रीनाथ के लिए रवाना किया गया है। वहीं बस संख्या (UK 11PA 4040) में सवार अन्य यात्रियों को भी सुरक्षित बद्रीनाथ भेजा जा रहा है।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बस चालक मितेश कुमार मोदी पुत्र बृजलाल निवासी सुरमे बंगला, गांधीनगर वीजापुर, मेहसाना गुजरात को हिरासत में लेते हुए बस को कब्जे में ले लिया है। और आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस अब पंचायतनामा की कार्यवाही कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!