हरिद्वार के सिडकुल शिवालिक नगर क्षेत्र में तमंचे के बल पर हुई लूट का पुलिस ने किया खुलासा,चार आरोपी गिरफ्तार।
हरिद्वार:-01 जून 2026
हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए तमंचे के बल पर की गई लूट की घटना का खुलासा कर चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्कूटी, मोबाइल फोन, पर्स, नकदी से संबंधित दस्तावेज, एक देशी तमंचा, जिंदा कारतूस और चाकू बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार 23 मई 2026 की रात सीतापुर निवासी सौरभ सती अपनी स्कूटी से सिडकुल से घर लौट रहे थे। चिन्मय डिग्री कॉलेज के पास चार अज्ञात स्कूटी सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया और तमंचा दिखाकर उनकी स्कूटी, मोबाइल फोन, पर्स तथा पांच हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली रानीपुर और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की.पुलिस ने पुराने अपराधियों से पूछताछ, स्थानीय सूचनाओं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रेगुलेटर पुल के पास चार संदिग्ध युवकों को रोका। जांच के दौरान उनके पास मौजूद स्कूटी पर लगी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई। इंजन और चेसिस नंबर मिलान करने पर स्कूटी लूटी गई निकली। तलाशी में पीड़ित का मोबाइल, पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, देशी तमंचा, जिंदा कारतूस और चाकू भी बरामद हुआ।पुलिस के अनुसार आरोपी दोबारा वारदात करने की तैयारी में थे, लेकिन समय रहते उन्हें गिरफ्तार कर संभावित अपराध को टाल दिया गया। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
