मसूरी में भीषण सड़क हादसा, चार लोगों की मौत।

मसूरी में भीषण सड़क हादसा, चार लोगों की मौत।

मसूरी (देहरादून):- 10 जून 2026

उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। झड़ीपानी रोड स्थित कोल्हुखेत क्षेत्र में दिल्ली नंबर की एक मारुति सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:16 बजे 112 कंट्रोल रूम को हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, SDRF, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे से कुछ देर पहले कार सवारों ने पास की एक दुकान से सामान खरीदा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही सभी लोग कार में बैठे, तीव्र ढलान पर वाहन अचानक तेज़ी से आगे बढ़ने लगा। चालक के नियंत्रण पाने से पहले ही कार सड़क किनारे खाली प्लॉट को पार करते हुए सीधे गहरी खाई में समा गई। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ब्रेक फेल होना मानी जा रही है। रेस्क्यू टीमों ने दुर्गम खाई में कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकालने का अभियान चलाया।

मृतकों की पहचान सत्यप्रकाश (सोनीपत, हरियाणा), मनीत (19), सविता (48) निवासी गाजियाबाद और संगीता (46) निवासी करोलबाग, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!