यात्री शेड में खड़े 5 दोपहिया वाहन जलकर राख,शरारती तत्वों द्वारा की गई इस आगजनी की घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल।
चकराता (देहरादून)-30 जून 2026
चकराता क्षेत्र के क्वासी- गोराघाटी लाखामंडल मोटर मार्ग पर स्थित धारकोट यात्री शेड में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने वहाँ पाँच दोपहिया वाहनों को जलकर खाक हालत में देखा। अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा की गई इस आगजनी की घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, धारकोट यात्री शेड में नियमित रूप से स्थानीय ग्रामीणों और यात्रियों द्वारा अपने वाहन खड़े किए जाते हैं। सोमवार रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने सुनियोजित तरीके से यहाँ खड़ी चार मोटरसाइकिल और एक स्कूटी को आग के हवाले कर दिया। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते सभी पांचों वाहन जलकर पूरी तरह कबाड़ में तब्दील हो गए।
मंगलवार सुबह जब ग्रामीण अपने दैनिक कार्यों के लिए वहाँ पहुँचे, तो वाहनों को जला हुआ देख वे स्तब्ध रह गए। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना चकराता तहसील प्रशासन को दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार चकराता, राजेन्द्र लाल तत्काल अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुँचे और मामले का मुआयना किया।
मौके पर पहुँचे नायब तहसीलदार राजेन्द्र लाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चार मोटरसाइकिल और एक स्कूटी पूरी तरह से जली हुई पाई गई हैं। उन्होंने कहा कि
“घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है। यह आगजनी का मामला प्रतीत होता है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है । कहा कि वाहन स्वामियों द्वारा अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है।
इस घटना से स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष है। सार्वजनिक यात्री शेड में वाहनों का सुरक्षित नही है।लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।इस दौरान बरोथा क्षेत्र के राजस्व उप निरीक्षक सुखदेव जिनाटा भी मौजूद रहे।
