हल्द्वानी के गौला नदी में 16 वर्षीय प्रियांशु का शव बरामद,परिवार सदमे में,बच्चे ने क्यों उठाया ऐसा कदम।

हल्द्वानी के गौला नदी में 16 वर्षीय प्रियांशु का शव बरामद,परिवार सदमे में,बच्चे ने क्यों उठाया ऐसा कदम।

हल्द्वानी:-06 जुलाई 2026

नैनीताल जिले के हल्द्वानी से बेहद दुखद खबर सामने आई है। 16 वर्षीय प्रियांशु बिष्ट जिसने रविवार शाम गौला नदी में छलांग लगा दी थी,उसका शव आज सोमवार सुबह SDRF की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद नदी से बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया और पूरे क्षेत्र में शोक और ग़मनाक माहौल है।

पुलिस के अनुसार, प्रियांशु बिष्ट हाथीखाल,मोतीनगर (बरेली रोड) का रहने वाला था। रविवार शाम करीब 5 बजे वह घर से यह कहकर निकला था कि वह ड्राइंग का सामान लेने जा रहा है। परिजनों का कहना है कि घर में किसी प्रकार का विवाद या तनाव नहीं था।

जानकारी के अनुसार, घर से निकलने के बाद प्रियांशु सीधे बनभूलपुरा क्षेत्र स्थित गौला पुल पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह कुछ देर तक पुल पर अकेले टहलता रहा। जब वह रेलिंग के पास पहुंचा तो वहां मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने किसी की बात नहीं सुनी और नदी में छलांग लगा दी।

घटना को देखकर नदी किनारे मौजूद बच्चों और अन्य लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

रातभर चला रेस्क्यू, सुबह मिला शव

सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। नदी में तेज बहाव, अधिक गहराई और बारिश के कारण मटमैले पानी की वजह से रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। देर रात तक तलाश जारी रही, लेकिन अंधेरा बढ़ने पर अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह SDRF ने दोबारा सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया और कई घंटे की मशक्कत के बाद प्रियांशु का शव नदी से बरामद कर लिया।

शव मिलने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किशोर ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!