बद्रीनाथ धाम से भगवान नारायण का स्वर्ण मुकुट चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार।
चमोली:-30 जुलाई 2026
बद्रीनाथ धाम से भगवान नारायण का करीब ₹5 लाख मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट चोरी करने वाले आरोपी को चमोली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया मुकुट, ₹4,500 नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया बैग भी बरामद किया है।धार्मिक आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले का पुलिस ने कुछ ही दिनों में खुलासा कर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम, ब्रह्मकपाल के ब्रह्मचारी भगवत दास ने थाना बद्रीनाथ में तहरीर देकर बताया कि आश्रम में ठहरे साधु राघवराम पाठक उर्फ राघवदास ने 24 जुलाई की रात भगवान नारायण का लगभग ₹5 लाख मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट तथा नकदी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर थाना बद्रीनाथ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से लगातार छानबीन, पूछताछ और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
29 जुलाई को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने बद्रीश गंगा वाटिका गेट,हनुमानचट्टी रोड के पास घेराबंदी कर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी राघवराम पाठक उर्फ राघवदास, निवासी श्रावस्ती (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।आरोपी की निशानदेही पर भगवान नारायण का चोरी गया सोने का मणि जड़ित मुकुट, चोरी की गई नकदी में से ₹4,500 तथा घटना में इस्तेमाल किया गया काला बैग बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का मुकुट और आश्रम में ठहरे एक व्यक्ति के बैग से नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की। बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है
