चंपावत में बीएसएनएल फाइबर लाइन कार्य के दौरान बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत, तीन झुलसे।

चंपावत में बीएसएनएल फाइबर लाइन कार्य के दौरान बड़ा हादसा,हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत,तीन झुलसे।

चंपावत:-01 अगस्त 2026

उत्तराखण्ड के चंपावत जिले के पाटी क्षेत्र में बीएसएनएल की फाइबर लाइन बिछाने के दौरान शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक नेपाली मजदूर की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर करंट लगने से झुलस गए। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार पाटी क्षेत्र के जौलाड़ी वार्ड में शनिवार दोपहर करीब 12:20 बजे बीएसएनएल की फाइबर लाइन के लिए पोल गाड़ने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान पोल ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट (11 केवी) विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। संपर्क होते ही पोल में करंट दौड़ गया और वहां काम कर रहे चारों मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी पहुंचाया।नअस्पताल में चिकित्सकों ने 19 वर्षीय सुशील शाही, पुत्र गौरव शाही, निवासी नेपाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं 40 वर्षीय धनजीत बुद्ध, पुत्र जद्दा बुद्ध, निवासी नेपाल की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद पहले जिला चिकित्सालय चंपावत ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।हादसे में घायल 30 वर्षीय उपेंद्र बहादुर शाही, पुत्र दिल बहादुर शाही और 36 वर्षीय कमल शाही, पुत्र खड़क शाही, दोनों निवासी नेपाल को अपेक्षाकृत हल्की चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पोल खड़ा करते समय आवश्यक सुरक्षा उपायों का पूरी तरह पालन नहीं हो पाया। इसी कारण पोल सीधे हाईटेंशन लाइन से टकरा गया और यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसी स्तर पर लापरवाही रही या नहीं, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने मामले की जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!