नैनीताल के मुक्तेश्वर में हादसा,खाई में गिरा टैंपो ट्रैवलर,22 यात्री थे सवार,दो की हालत गंभीर।

नैनीताल के मुक्तेश्वर में हादसा,खाई में गिरा टैंपो ट्रैवलर,22 यात्री थे सवार,दो की हालत गंभीर।

नैनीताल:-14 अगस्त 2026

नैनीताल जिले में भवाली-मुक्तेश्वर मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मल्ला रामगढ़ क्षेत्र में हरियाणा के पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में 22 लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस के अनुसार टेंपो ट्रैवलर भवाली से मुक्तेश्वर की ओर जा रहा था। मल्ला रामगढ़ में लक्ष्मीखान तिराहे से करीब एक किलोमीटर आगे पहुंचने पर अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रैवलर सड़क किनारे लगे पैराफिट को तोड़ते हुए करीब 100 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरा। वाहन के खाई में गिरते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने हादसा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

हादसे की सूचना मिलते ही भवाली कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्र में तेज बारिश के बीच पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से खाई में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। यात्रियों को खाई से बाहर निकालने के लिए एसडीआरएफ (SDRF) टीम को भी मौके पर बुलाया गया एसडीआरएफ जवानों ने पुलिस और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर खाई में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को एक-एक कर सड़क तक पहुंचाया गया। रेस्क्यू किए गए घायलों को तत्काल रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC Ramgarh) भेजा गया। यहां चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में घायल दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किए जाने की भी तैयारी की जा रही है। वहीं, खाई में एक पर्यटक के गंभीर रूप से फंसे होने की सूचना मिलने के बाद बचाव दल ने अपना अभियान जारी रखा।

बताया जा रहा है कि टेंपो ट्रैवलर में हरियाणा के पर्यटक सवार थे। सभी लोग भवाली से मुक्तेश्वर की ओर घूमने जा रहे थे। इसी दौरान मल्ला रामगढ़ के पास यह हादसा हो गया। हादसे की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए रेस्क्यू कार्य में स्थानीय लोगों का सहयोग लिया।

सीओ रविकांत सेमवाल के अनुसार टेंपो ट्रैवलर में कुल 22 यात्री सवार थे। हादसे में कई यात्रियों को चोटें आई हैं और दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को रामगढ़ सीएचसी में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खोने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। रेस्क्यू टीम खाई में फंसे यात्रियों की तलाश और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के काम में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!