देहरादून में नाले और नहर में बहने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत।

देहरादून में नाले और नहर में बहने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत।

देहरादून:-02 सितंबर 2026

राजधानी देहरादून में नाले और नहर में बहने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के अंतर्गत एक बच्चे का शव बडोवाला के पास डीएसपी चौक की बरसाती नदी से बरामद हुआ। थाना रायपुर क्षेत्र के अंतर्गत दूसरे बच्चे का शव गूलरघाटी की नहर से मिला। दोनों घटनाओं में एसडीआरएफ और पुलिस की टीमों ने घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया था। साथ ही पुलिस द्वारा दोनों बच्चों के शव परिजनों को सुपर्द कर दिए गये हैं।

वैज्ञानिक के 12 साल के बेटे की नाले में डूबने से मौत।

पहली घटना कोतवाली पटेल नगर में स्थित भारतीय वन्यजीव संस्थान परिसर की है। यहां वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत कर्मचारी का 12 वर्षीय बेटा सम्राट गोपी जीवी मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला, तो परिजनों ने सोशल मीडिया पर बच्चे की जानकारी साझा की और पुलिस को सूचना दी।

6 किमी दूर डीएसपी चौक के नाले में मिला बच्चे का शव।

पुलिस ने परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, लेकिन बच्चे के बाहर जाने के कोई सुराग नहीं मिला। परिसर से होकर गुजरने वाले नाले में बच्चे के गिरने की आशंका के बाद पुलिस और एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। ड्रोन की मदद से भी तलाश की गई। कई घंटे की तलाश के बाद एसडीआरएफ ने बडोवाला के पास डीएसपी चौक की बरसाती नदी से बच्चे का शव बरामद किया. प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि बच्चा तेज बहाव में बहकर यहां तक पहुंचा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गूलरघाटी नहर में गिरा 10 साल का बच्चा, 1 किमी दूर मिला शव।

दूसरी घटना रायपुर थाना क्षेत्र के गूलरघाटी रोड, बालावाला की है। मंगलवार को 10 वर्षीय केपी नहर में गिर गया था। सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ व फायर ब्रिगेड की टीमों को बुलाकर रेस्क्यू शुरू कराया गया। रात भर तलाश के दौरान एसडीआरएफ ने बच्चे का शव गूलरघाटी नहर से बरामद किया. केपी मूल रूप से लखीमपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और उसके माता-पिता मजदूरी करते हैं। पुलिस के अनुसार बच्चा शारीरिक रूप से दिव्यांग था।

एसएसपी ने लोगों से की अपील।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि,दो बच्चों की मौत के बाद पुलिस ने लोगों से बारिश के दौरान नाले, नहर और नदी के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने अभिभावकों से तेज बहाव वाले स्थानों से बच्चों को दूर रखने की भी अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!