चमोली निवासी वायुसेना के जवान आशीष का निधन, पैतृक घाट पर सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार।

चमोली निवासी वायुसेना के जवान आशीष का निधन,पैतृक घाट पर सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार।

देवाल (चमोली):-17 सितंबर 2026

उत्तराखंड के चमोली जिले से दुखद खबर सामने आई है। देवाल ब्लॉक के कोठी गांव निवासी भारतीय वायुसेना के जवान आशीष जुयाल (37) का आकस्मिक निधन हो गया। गुरुवार को उनके पैतृक घाट घटबगड़ में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। वायुसेना के जवानों ने उन्हें सलामी देकर अंतिम विदाई दी।

जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर को अचानक स्वास्थ्य खराब होने के बाद आशीष को पालम के आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 15 सितंबर की रात उनका निधन हो गया। जवान के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही कोठी गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

गुरुवार शाम करीब साढ़े तीन बजे वायुसेना के जवान आशीष के पार्थिव शरीर को लेकर उनके पैतृक निवास कोठी गांव पहुंचे। तिरंगे में लिपटा जवान का शव घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंतिम दर्शन के लिए क्षेत्र के सैकड़ों लोग पहुंचे और नम आंखों से आशीष को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को पैतृक घाट घटबगड़ ले जाया गया, जहां वायुसेना के जवानों ने सैन्य सम्मान के साथ सलामी दी और अंतिम संस्कार संपन्न कराया।

मां,पत्नी और छह साल की बेटी को छोड़ गए पीछे:- जवान आशीष जुयाल अपने पीछे मां देवेश्वरी, पत्नी संध्या और छह साल की मासूम बेटी को छोड़ गए हैं। परिवार के लिए आशीष का इस तरह अचानक चले जाना बेहद दुखद है। उनके निधन से गांव और क्षेत्र में गम का माहौल है। अंतिम विदाई के दौरान एयर फोर्स के वारंट ऑफिसर संजय कुमार, विधायक भूपाल राम टम्टा सहित कई लोगों ने जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।

गांव में पसरा मातम:-आशीष के आकस्मिक निधन से कोठी गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक है। बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे और देश की सेवा करने वाले जवान को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!