सुरक्षा और व्यवस्था बनाने को ग्राउंड जीरो पर डटे डीएम व एसपी।
चमोली:-17 सितंबर 2026
चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार तथा पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार नंदा जात यात्रा की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर ग्राउंड जीरों पर ही ड़टे रहे। इस दौरान उन्होंने नंदा जात यात्रा के तहत मां नंदा की पूजा अर्चना कर सकुशल यात्रा की मनौती मांगी।दरअसल नंदा जात यात्रा के अंतिम आबादी वाले पड़ाव पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहा। इसके चलते डीएम व एसपी लाटूधाम में ही ग्राउंडजीरों में जमे रहे। वे सुरक्षा तथा व्यवस्थाओं की मौके पर ही निगरानी करते रहे।
पूजा अर्चना कर सकुशल यात्रा की मांगी मनौती
गुरूवार को माँ नन्दा की देव डोलियों ने अगले निर्जन पड़ावों की ओर रवाना होने से पूर्व उन्होंने मां नंदा की उत्सव ड़ोलियों की विधिवत पूजा अर्चना कर जनपदवासियों की सुख समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की। पूजा अर्चना के बाद पारंपरिक रीति रिवाजों, जागरों तथा जयकारों के बीच मां नंदा की ड़ोली को श्रद्धालुओं संग अगले पड़ाव के लिए विदा किया। बड़ी जात में 40 से अधिक छंतोलियों के साथ सैकड़ो देव निशान और बड़ी संख्या में श्रद्धालु संग चल रहे हैं। डीएम तथा एसपी ने बताया कि इस यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह बना है। इसके लिए दुर्गम एवं संवेदनशील मार्गों को देखते हुए यात्रा मार्ग के विभिन्न स्थानों एवं महत्वपूर्ण पड़ावों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी गई। पुलिस के जवान देव डोलियों के साथ पैदल चलते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा,भीड़ प्रबंधन एवं मार्ग व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। डीएम गौरव कुमार ने संबधित अधिकारियों को निर्देश दिए की आगामी पड़ावों पर भी श्रद्धालुओं का विशेष ख्याल रखा जाए। उन्होंने यात्रा मार्ग एवं पड़ावों पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी रखने तथा जरूरत के अनुसार व्यवस्थाएं तत्काल दुरस्त करने के निर्देश दिए। बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रमुख पड़ावों और यात्रा मार्ग पर आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आला अधिकारी यात्रा मार्ग तथा पड़ावों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने भी श्रद्धालुओं से पहाड़ी मार्ग एवं मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सावधानी बरतने, निर्धारित मार्ग का उपयोग करने तथा प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन का अनुपालन करने की अपील की। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग का आग्रह किया।
इस दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, दर्जा राज्य मंत्री बलवीर घुनियाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी समेत तमाम जन प्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।
