चमोली नंदादेवी यात्रा मार्ग पर दो गांवों के बीच बवाल, मारपीट में सात घायल,एक घायल को एयरलिफ्ट कर भेजा गया ऋषिकेश एम्स।
देवाल चमोली:-19 सितंबर 2026
उत्तराखंड में नंदा देवी बड़ी जात यात्रा के दौरान सुतोल और कनोल गांव के ग्रामीणों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। पातरनचौणिया क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में करीब सात लोगों के घायल होने की जानकारी है। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान लाठी-डंडों के साथ लोहे के हथियारों का भी इस्तेमाल हुआ। घटना के बाद एक घायल की हालत को देखते हुए उसे हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर ऋषिकेश स्थित एम्स भेजा गया है। हालांकि, अभी तक इस मामले में पुलिस को किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है।
फिलहाल मिली जानकारी के अनुसार, नंदा देवी बड़ी जात यात्रा के दौरान पातरनचौणिया क्षेत्र में सुतोल और कनोल गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला कहासुनी से बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान कई लोगों को चोटें आई हैं। घायलों में गढ़वाल विश्वविद्यालय के छात्र नेता रणजीत सिंह का नाम भी सामने आया है। रणजीत सिंह सुतोल गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कर्णप्रयाग अस्पताल भेजा गया। बाद में उनकी स्थिति को देखते हुए नंदानगर के कुरूड़ से हेलीकॉप्टर के जरिए एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजे जाने की जानकारी है।
बताया जा रहा है कि,सुतोल और कनोल गांवों के बीच जंगल की सीमा और हक-हकूकों को लेकर लंबे समय से विवाद की बात सामने आती रही है। बताया जाता है कि जंगल में जड़ी-बूटी के विदोहन को लेकर भी दोनों गांवों के बीच वर्षों से विवाद चला आ रहा है। हालांकि, शनिवार को हुई मारपीट की घटना को सीधे तौर पर इसी पुराने विवाद का परिणाम नहीं माना जा रहा है। फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस के मुताबिक, घटना में कुल छह लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। इनमें से दो घायलों को इलाज के लिए नंदानगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहीं अन्य घायलों में कनोल गांव निवासी हरिसिंह, कुंदन सिंह और कमल सिंह के नाम बताए जा रहे हैं। रणजीत सिंह को बेहतर उपचार के लिए हवाई मार्ग से ऋषिकेश भेजा गया है।
पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि विवाद में कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है और घायलों की संख्या छह बताई जा रही है। पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। वहीं थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह रावत के अनुसार, अभी किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस फिलहाल शिकायत का इंतजार कर रही है और तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं इस बारे में ज्यादा जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना पुलिस तक पहुंची है।यात्रा के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात हैं और अतिरिक्त पुलिस बल भी नंदानगर से सुतोल की ओर भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामला पहले से चले आ रहे सीमा विवाद से जुड़ा होने की सूचना है। निर्जन पड़ाव होने के कारण मौके से तत्काल विस्तृत जानकारी जुटाना चुनौतीपूर्ण है। यात्रा के बाद जब श्रद्धालु और ग्रामीण नंदानगर क्षेत्र की ओर लौटेंगे, तब घटना की सटीक स्थिति, विवाद के कारण और घायलों समेत अन्य पहलुओं की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और मारपीट की असल वजह को लेकर अभी कोई अंतिम बात सामने नहीं आई है।
